MBBS Seats In India: NEET सीट मैट्रिक्स से 2925 ज्यादा MBBS सीटें, केंद्र ने दिया पूरा ब्योरा
MBBS Seats In India: केंद्र सरकार ने बताया है कि वर्ष 2014 से पहले की तुलना में देश में MBBS सीटों की संख्या 172.4 फीसदी बढ़ी है। पहले देश में 51,348 MBBS सीटें थीं, जो अब बढ़कर 1,39,864 हो गई हैं। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने लोकसभा में एक सवाल के जवाब में यह जानकारी दी।
हाल ही में नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) की ओर से जारी सीट मैट्रिक्स में MBBS की 1,36,939 सीटें बताई गई थीं। सरकार के आंकड़ों के मुताबिक यह संख्या करीब 2,925 सीट कम है।
मेडिकल कॉलेज और PG सीटों में भी इजाफा
सरकार के अनुसार, देश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 2014 से पहले के 387 से बढ़कर अब 846 हो गई है। यानी इसमें 118.6 फीसदी की वृद्धि हुई है। वहीं, PG मेडिकल सीटों में भी 176.9 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। PG सीटें 31,185 से बढ़कर 86,360 हो गई हैं।
बिहार में पिछले पांच वर्षों में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 20 से बढ़कर 27 हुई है। MBBS सीटें भी 2,415 से बढ़कर 4,285 हो गई हैं।
नए मेडिकल कॉलेज और AIIMS पर जोर
सरकार ने जिला और रेफरल अस्पतालों को अपग्रेड कर 157 नए मेडिकल कॉलेजों को मंजूरी दी है। इनमें बिहार के 8 कॉलेज शामिल हैं। 83 कॉलेजों में 4,977 MBBS सीटें बढ़ाने के लिए 5,972.20 करोड़ रुपये दिए गए हैं।
PG सीटें बढ़ाने के लिए भी दो चरणों में 5,976.68 करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं। तीसरे चरण में 5,000 PG और 5,023 MBBS सीटें बढ़ाने का लक्ष्य है, जिसकी समय-सीमा 2028-29 है। इसके अलावा 75 सरकारी मेडिकल कॉलेज अपग्रेडेशन परियोजनाओं में 71 पूरी हो चुकी हैं। देश में 22 AIIMS मंजूर हैं और 19 में UG पाठ्यक्रम शुरू हो चुके हैं।

