वाराणसी में श्रेया हत्याकांड में बड़ा खुलासा, प्रेमी ने पकड़ा गला तो दोस्त ने चाकू से किया वार
Varanasi News: वाराणसी के राजातालाब इलाके में 22 वर्षीय श्रेया उपाध्याय की हत्या के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस को पहले शक था कि श्रेया की हत्या उसका प्रेमी विवेक चौबे अकेले करके फरार हो गया। जांच में सामने आया कि विवेक ने अपने दोस्त पुनीत को भी साजिश में शामिल किया था। पुलिस के मुताबिक, हत्या के बदले पुनीत को 22 लाख रुपये देने का वादा किया गया था।
एसओजी और राजातालाब पुलिस ने सोमवार तड़के मुठभेड़ के बाद पुनीत को पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि विवेक ने कहा था कि श्रेया उसे परेशान कर रही है। हत्या के बाद तत्काल 22 लाख रुपये देने की बात कही गई थी।
कमरे में पहुंचते ही किया हमला
पुलिस के अनुसार, पुनीत और विवेक 17 अगस्त की रात बच्छांव पश्चिमपुरा स्थित किराए के कमरे में पहुंचे थे। 18 अगस्त की सुबह विवेक श्रेया को वहां लेकर आया। पुनीत ने बताया कि कमरे में आते ही विवेक ने पीछे से श्रेया का गला पकड़ लिया। इसके बाद उसने पहले पेट में चाकू मारा और फिर गले पर वार किया।
हत्या के बाद विवेक ने रुपये लेने जाने की बात कही। करीब 20 मिनट इंतजार करने के बाद उसका फोन बंद मिला तो पुनीत कैब से निकल गया।
कैब और CDR से पुलिस पहुंची पुनीत तक
एसओजी प्रभारी गौरव सिंह के मुताबिक, जांच में कमरे के पास एक कैब में पुनीत दिखाई दिया। कैब चालक से उसका नंबर मिला। CDR जांच में विवेक से उसकी लगातार बातचीत सामने आई। इसके बाद पुलिस ने प्रयागराज से पुनीत को पकड़ा।
पुनीत मऊ का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, वह और विवेक बी फार्मा साथ पढ़ चुके हैं। पुनीत पर कर्ज था और उसे पैसों की जरूरत थी। पुलिस अब फरार विवेक की तलाश कर रही है।
मामले में पुलिस की शुरुआती कार्रवाई पर भी सवाल उठे हैं। परिजनों का आरोप है कि 18 और 19 अगस्त को पुलिस कमरे तक पहुंची, लेकिन दरवाजा नहीं खुलवाया, जबकि श्रेया का मोबाइल ऑन था।

