पूर्वी दिल्ली के गांधीनगर में 4 मंजिला इमारत झुकी, खाली कराई गई बिल्डिंग
Sandesh Wahak Digital Desk: पूर्वी दिल्ली के गांधीनगर इलाके में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक चार मंजिला इमारत अचानक एक तरफ झुक गई। इमारत की खतरनाक स्थिति को देखते हुए आसपास के इलाके में दहशत फैल गई है। सुरक्षा के लिहाज से प्रशासन ने तुरंत कदम उठाते हुए पूरी बिल्डिंग को खाली करा लिया है और आसपास घेराबंदी कर दी है ताकि कोई हादसों का शिकार न हो।
एमसीडी, पुलिस और दमकल टीम मौके पर
घटना की जानकारी मिलते ही दिल्ली नगर निगम (MCD), स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। पूर्व महापौर श्याम सुंदर अग्रवाल ने स्थिति का जायजा लेने के बाद बताया कि दो मकानों के बीच गहरी दरारें आ चुकी हैं और इमारत के ढहने का गंभीर खतरा बना हुआ है। मकान मालिक को आधिकारिक नोटिस जारी कर दिया गया है।
इसी बीच पूर्व महापौर ने अवैध निर्माण को लेकर एमसीडी अधिकारियों पर सीधे सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा, पांच-छह मंजिला इमारतें एक दिन में नहीं बनतीं। जब यह निर्माण हो रहा था, तब जिम्मेदार अधिकारी कहां थे? उन्होंने माना कि ऐसी जर्जर और अवैध इमारतों के खिलाफ सख्त कदम उठाना बेहद जरूरी है, भले ही इसमें देरी हुई हो।
गौरतलब है कि हाल ही में 6 सितंबर को दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में एक बॉयज पीजी (PG) इमारत गिरने से 7 लोगों की दुखद मौत हो चुकी है। ऐसे में गांधीनगर की इस घटना ने एक बार फिर राजधानी में जर्जर और नियमों को ताक पर रखकर बनाई गई इमारतों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Also Read: पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र की पत्नी सत्यवती मिश्रा का निधन, सीएम योगी समेत कई नेताओं ने जताया शोक

