सिद्धार्थनगर में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों पर बैठक, 17 सितंबर से शुरू होगा अभियान
Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जनपद प्रभारी मंत्री एवं श्रम, सेवायोजन और समन्वय विभाग के मंत्री अनिल राजभर ने की। इस दौरान सांसद डुमरियागंज जगदम्बिका पाल, विधायक बांसी जय प्रताप सिंह, विधायक कपिलवस्तु श्यामधनी राही, जिला पंचायत अध्यक्ष शीतल सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन और पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन सहित जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।

प्रभारी मंत्री ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। इसके साथ ही विकासखंड स्तर पर शिविर लगाकर पात्र लोगों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से आपसी समन्वय बनाकर टीम भावना के साथ अभियान को सफल बनाने की अपील की।
‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान के तहत होगा दीप प्रज्ज्वलन
अनिल राजभर ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान के तहत धार्मिक स्थलों, शहीद स्थलों, महापुरुषों के स्मारकों, आंगनबाड़ी केंद्रों, कस्तूरबा विद्यालयों और लाभार्थियों के घरों पर दीप प्रज्ज्वलित कराए जाएं। अमृत सरोवरों, नगर निकायों और ग्राम पंचायतों में वृक्षारोपण भी कराया जाएगा। अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए होर्डिंग्स और बैनर लगाए जाएंगे।
सांसद जगदम्बिका पाल ने प्रधानमंत्री के 25 वर्ष और मुख्यमंत्री के 10 वर्षों के कार्यकाल को स्वर्णिम कार्यकाल बताया। उन्होंने अभियान में जनप्रतिनिधियों की ओर से पूरा सहयोग देने की बात कही। विधायक जय प्रताप सिंह ने कार्यक्रमों में जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या ने कहा कि शिविरों में आने वाले लाभार्थियों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान कराया जाना चाहिए।
जनकल्याणकारी योजनाओं के बदलाव को जन-जन तक पहुंचाने का उद्देश्य
जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने अभियान की कार्ययोजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं से विभिन्न वर्गों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को आमजन तक पहुंचाना है। इसके साथ ही सेवा, सहभागिता और जनकल्याण की भावना को मजबूत करना भी अभियान का प्रमुख लक्ष्य है।
उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान आयोजित किया जाएगा। इसके तहत प्रमुख मंदिरों सहित विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम कराए जाएंगे।
रिपोर्ट: जाकिर खान
Also Read: सिद्धार्थनगर लोक अदालत में 107 मोटर दुर्घटना वाद निस्तारित, पीड़ितों को मिला 6.37 करोड़ मुआवजा

