कानपुर के दवा कारोबारी हत्याकांड में नया मोड़, बहू से ज्यादा बेटे की हत्यारोपी से हुई बात

Kanpur News: कानपुर के दवा कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड की जांच में पुलिस हर कड़ी जोड़ने में जुटी है। सोमवार को पुलिस ने विनीत के बेटे सुब्रत, बहू शालू और हत्यारोपी विशाल गौतम के सात मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड यानी CDR निकाली। करीब 1000 पेज के इस डाटा का अब विश्लेषण किया जा रहा है।

पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल के मुताबिक, दो नंबर शालू, दो विशाल और तीन नंबर सुब्रत के हैं। पुलिस यह पता लगा रही है कि हत्या से पहले और बाद में इन लोगों ने किससे, कब और कितनी देर बातचीत की। डाटा का विश्लेषण पूरा होने के बाद सुब्रत से दोबारा पूछताछ की जाएगी।

नए सिम और दोस्त को कॉल से बढ़ा शक

पुलिस के अनुसार, विशाल ने हत्या से दो दिन पहले 3 सितंबर को नया सिम लिया था और पुराना नंबर बंद कर दिया था। उसी दिन उसने नए नंबर से शालू और सुब्रत दोनों को फोन किया। इसी वजह से सुब्रत की भूमिका को लेकर पुलिस का शक बढ़ा है।

हत्या के बाद विशाल और राजकिशोर रतन ऑर्बिट की दीवार फांदकर भागे। इसके बाद विशाल ने नए नंबर से उबर टैक्सी बुलाई। उसने एक दोस्त को पांच बार कॉल भी की थी। पुलिस ने दोस्त का पता लगा लिया है और अब उससे पूछताछ होगी।

वसीयत और आमने-सामने पूछताछ की तैयारी

विनीत की 2022 में बनाई गई वसीयत भी पुलिस के हाथ लगी है। इसमें पत्नी, बेटे और बेटी को संपत्ति में हिस्सेदार बनाया गया है। पुलिस इसकी भी जांच कर रही है।

सुब्रत से कल्याणपुर थाने में करीब दो घंटे तक 30 सवाल पूछे गए। पुलिस अब शालू-सुब्रत और विशाल-सुब्रत का आमना-सामना कराने की तैयारी में है। दोनों आरोपियों से जेल में बयान लेने के बाद पुलिस कस्टडी रिमांड मांगा जाएगा।

Also Read: सलमान खान की पोस्ट ने फैंस को किया कन्फ्यूज, गणपति दर्शन के बाद शेयर की ये रील 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.