UP में 15,012 शिक्षक पदों पर भर्ती, प्राइमरी के 12 हजार से ज्यादा पद, जानें आवेदन की पूरी डेट
UP Teacher Recruitment 2026: उत्तर प्रदेश में सरकारी शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने माध्यमिक और बेसिक शिक्षा विभाग में कुल 15,012 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया है। इनमें सहायक अध्यापक और प्रवक्ता (PGT) के पद शामिल हैं।
भर्ती में सबसे ज्यादा 11,508 पद सहायक अध्यापक शहरी (Urban) के हैं। इसके अलावा अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक संबद्ध प्राइमरी के 897 पद और माध्यमिक विद्यालयों में PGT के 2,607 पद भरे जाएंगे।
16 सितंबर से शुरू होगा आवेदन
सहायक अध्यापक संबद्ध प्राइमरी और सहायक अध्यापक शहरी के लिए विज्ञापन संख्या 05/2026 जारी किया गया है। विज्ञापन 15 सितंबर को जारी हुआ, जबकि ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और आवेदन प्रक्रिया 16 सितंबर 2026 से शुरू होगी।
अभ्यर्थियों के लिए प्रमुख तारीखें इस तरह हैं:
- ऑनलाइन आवेदन शुरू: 16 सितंबर 2026
- आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख: 15 अक्टूबर 2026
- आवेदन में संशोधन की अंतिम तारीख: 19 अक्टूबर 2026
- प्रस्तावित परीक्षा: 3 और 4 दिसंबर 2026
PGT के 2,607 पदों पर भी भर्ती
माध्यमिक विद्यालयों के प्रवक्ता संवर्ग यानी PGT (Post Graduate Teacher) के 2,607 पदों के लिए विज्ञापन संख्या 06/2026 जारी किया गया है। इसके लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और आवेदन की प्रक्रिया 18 सितंबर 2026 से शुरू होगी।
PGT भर्ती के लिए आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 17 अक्टूबर 2026 है। अभ्यर्थी 21 अक्टूबर 2026 तक अपने आवेदन में संशोधन कर सकेंगे। PGT पदों के लिए परीक्षा 15 और 16 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।
OTR पूरा करना जरूरी
आयोग ने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) व्यवस्था लागू की है। संबंधित पद के लिए आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों को OTR प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
आयोग अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि आवेदन करने से पहले आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध विस्तृत विज्ञापन और निर्देश पुस्तिका ध्यान से पढ़ें और अपनी पात्रता सुनिश्चित करें।
भर्ती (UP Teacher Recruitment 2026) से जुड़ी योग्यता, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और अन्य जरूरी जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in पर उपलब्ध है।
Also Read: Maharashtra NEET UG Counselling: MBBS की 84.58% सीटें भरीं, BDS में 44.69% दाखिला

