लखनऊ में सेवा संकल्प अभियान का भव्य नजारा, 3.5 लाख दीयों से जगमगाया राष्ट्र प्रेरणा स्थल
Seva Sankalp Abhiyan in Lucknow: लखनऊ में गुरुवार शाम राष्ट्र प्रेरणा स्थल का नजारा देखते ही बना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के 76वें जन्मदिन पर शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत यहां 3.5 लाख दीयों से पूरा परिसर रोशन किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) की मौजूदगी में 10 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया।
65 एकड़ में फैले राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर दीपों की रोशनी से तैयार की गई अलग-अलग आकृतियों ने कार्यक्रम को खास बना दिया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, राज्यसभा सांसद बृजलाल, विधायक डॉ. नीरज बोरा और विधान परिषद सदस्य अवनीश कुमार सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
10 हजार प्रतिभागियों ने जलाए दीये
लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के मुताबिक, कार्यक्रम में लखनऊ और आसपास के शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं और स्वयंसेवकों समेत करीब 10 हजार लोगों ने हिस्सा लिया।
इंटीग्रल यूनिवर्सिटी, जयपुरिया कॉलेज, गोयल इंस्टीट्यूट ऑफ हायर स्टडीज और डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय समेत कई संस्थानों के प्रतिभागी कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों से संवाद किया और उन्हें चॉकलेट देकर उत्साह बढ़ाया।
11 घंटे की मेहनत से बनी 5 हजार मीटर लंबी दीप श्रृंखला
कार्यक्रम के लिए राष्ट्र प्रेरणा स्थल को 59 सेक्टर में बांटा गया था। कर्मचारियों और प्रतिभागियों ने नोडल अधिकारियों की निगरानी में पाथवे, हैलीपैड और अलग-अलग क्लस्टर्स में दीप सजाए।
- करीब 11 घंटे की मेहनत से 5,000 मीटर लंबी दीप श्रृंखला तैयार की गई।
- मुख्य मंच के पास 19 हजार दीयों से LDA और राष्ट्र प्रेरणा स्थल के लोगो बनाए गए।
- दीयों से राम मंदिर की आकृति भी तैयार की गई।
मुख्यमंत्री (CM Yogi) ने कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्र प्रेरणा स्थल में स्थापित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 65-65 फुट ऊंची कांस्य प्रतिमाओं तथा भारत माता की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित करके की। इसके बाद मुख्य मंच पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गईं।

विकास से भी जोड़ा गया ‘आशीर्वाद का दीया’
आयोजन के जरिए लखनऊ के नियोजित विकास और शहर को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने के प्रयासों को भी सामने रखा गया। इनमें बेहतर कनेक्टिविटी, किफायती आवास, हरित क्षेत्रों का विस्तार, पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण तथा आधुनिक शहरी सुविधाएं शामिल हैं।
करीब 65 एकड़ में विकसित राष्ट्र प्रेरणा स्थल में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी की 65-65 फुट ऊंची कांस्य प्रतिमाएं स्थापित हैं। यहां संग्रहालय और अन्य सुविधाओं के जरिए राष्ट्र निर्माण के मूल्यों और महापुरुषों के विचारों से नई पीढ़ी को परिचित कराने का प्रयास किया गया है।
3.5 लाख दीयों की रोशनी से सजे इस आयोजन में भारतीय संस्कृति की दीप परंपरा के साथ सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण का संदेश भी प्रमुखता से सामने आया।
Also Read: यूसीसी पर अखिलेश के तंज पर केशव मौर्य का पलटवार, बोले- अनर्गल बयानबाजी करना सपा की आदत

