ऊंची इमारत में आग लगने की स्थिति से निपटने को लेकर धौरहरा में आयोजित हुई मॉक ड्रिल

Lakhimpur News: राहत आयुक्त कार्यालय एवं राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के तत्वावधान में तहसील धौरहरा क्षेत्र में आपदा प्रबंधन एवं बचाव तैयारियों को परखने के उद्देश्य से चौधरी बेचेलाल महाविद्यालय में ऊंची इमारत में आग लगने की काल्पनिक घटना पर आधारित मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।

मॉक ड्रिल में राजस्व विभाग, पुलिस विभाग, विकास विभाग, पशु चिकित्सा विभाग, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धौरहरा की चिकित्सा टीम तथा फायर ब्रिगेड के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की। अभ्यास के दौरान आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया।

इस दौरान घायल व्यक्तियों के बचाव का भी प्रदर्शन किया गया। घायलों को तत्काल अस्थायी मेडिकल पोस्ट पर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार प्रदान किया गया। गंभीर रूप से झुलसे एक व्यक्ति को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किए जाने की कार्यवाही भी प्रदर्शित की गई।

मॉक ड्रिल के दौरान विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, राहत एवं बचाव कार्यों की तत्परता तथा आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया की व्यवस्था का परीक्षण किया गया। मॉक ड्रिल के ऑब्जर्वर क्षेत्राधिकारी रहे। मौके पर एसडीएम धौरहरा राशी कृष्णा, तहसीलदार आदित्य विशाल सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।

रिपोर्ट – कौशलेंद्र कुमार शुक्ला

Also Read: लखीमपुर खीरी: सेवा संकल्प अभियान के तहत जलाए गए 20 हजार से अधिक दीप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.