पूर्व सैनिकों के लिए सुनहरा मौका: GDA में सुरक्षा गार्ड्स के पदों पर निकली भर्ती, सैलरी में भी इजाफा

GDA Gorakhpur: गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA) अपनी संपत्तियों की सुरक्षा और अवैध निर्माण पर कार्रवाई के लिए 48 अतिरिक्त पूर्व सैनिकों की तैनाती करेगा। ये कर्मचारी गोरखपुर महायोजना-2031 (पुनरीक्षित) के चारों जोन में प्रवर्तन कार्रवाई के दौरान शांति-व्यवस्था संभालेंगे। इसके अलावा पार्कों, जेट्टी, चिलुआताल और रामगढ़झील की निगरानी भी करेंगे।

GDA के दो प्रवर्तन दलों में अभी 2 JCO, 5 सशस्त्र और 5 गैर-सशस्त्र गार्ड समेत 12 पूर्व सैनिक तैनात हैं। बढ़ती संपत्तियों और ध्वस्तीकरण, सीलिंग व अतिक्रमण अभियानों को देखते हुए इनकी संख्या कम मानी गई। GDA बोर्ड की 128वीं बैठक में 4 JCO, 23 सशस्त्र और 21 गैर-सशस्त्र गार्ड समेत 48 नए पदों को मंजूरी दी गई है। इसके बाद कुल संख्या 60 हो जाएगी।

10 फीसदी बढ़ेगा सालाना मानदेय

पूर्व सैनिकों ने महंगाई का हवाला देकर नगर निगम के बराबर मानदेय की मांग की थी। मंजूरी के बाद JCO का मानदेय 40 हजार से बढ़कर 44 हजार रुपये, सशस्त्र गार्ड का 20,500 से 22,550 रुपये और गैर-सशस्त्र गार्ड का 18,500 से 20,350 रुपये महीना होगा।

अभी 12 कर्मचारियों पर 2.75 लाख रुपये महीने खर्च होते हैं। नई व्यवस्था में 60 पदों पर यह खर्च बढ़कर 14,24,500 रुपये महीना हो जाएगा।

22 पदों के लिए आवेदन मांगे

फिलहाल GDA ने 22 गार्डों की नियुक्ति के लिए आवेदन मांगे हैं। इनमें 8 सशस्त्र और 14 गैर-सशस्त्र गार्ड होंगे। जिला सैनिक कल्याण निगम में पंजीकृत इच्छुक पूर्व सैनिक 22 सितंबर को सुबह 11 बजे राप्ती सभागार में पहुंच सकते हैं।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.