बिजनौर में मस्जिद के नीचे कुएं का दावा, हनुमान चालीसा पाठ करने पहुंचे हिंदू रक्षा दल के लोग, पुलिस ने रोका

Bijnor Mosque Well Dispute: बिजनौर के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के बनखला गांव में मस्जिद से जुड़े कुएं के दावे को लेकर विवाद सामने आया है। मंगलवार को हिंदू रक्षा दल के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस-प्रशासन से मुलाकात की। पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने मामले की तीन दिन में जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद संगठन ने मस्जिद में हनुमान चालीसा पाठ का कार्यक्रम रद्द कर दिया।

सोमवार को हिंदू रक्षा दल ने बनखला स्थित मस्जिद में हनुमान चालीसा पाठ करने का ऐलान किया था। इसके बाद मंगलवार को बनखला और लक्खूवाला में एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। मस्जिद के पास नायब तहसीलदार अंकित कुमार समेत पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

करीब 11 बजे हिंदू रक्षा दल के जिलाध्यक्ष कौशिक त्यागी लक्खूवाला पहुंचे, जहां पुलिस अधिकारियों से उनकी वार्ता हुई। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल बिजनौर पहुंचा और पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की। वार्ता में सीओ नगीना राजेश सोलंकी और कोतवाली देहात थाना प्रभारी सुनील सहरावत भी मौजूद रहे।

तीन दिन में जांच का आश्वासन

हिंदू रक्षा दल के नेता ललित शर्मा के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक ने तीन दिन में जांच पूरी कर कुएं को कब्जा मुक्त कराने का आश्वासन दिया है। साथ ही मस्जिद से जुड़े मामले (Bijnor Mosque Well Dispute) की भी जांच कराने की बात कही गई है। इसी आश्वासन के बाद हनुमान चालीसा पाठ का कार्यक्रम रद्द किया गया।

हालांकि, पुलिस की ओर से पहले की गई जांच में स्थिति अलग बताई गई थी। 7 सितंबर को शिकायत मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। थाना प्रभारी सुनील सहरावत ने बताया था कि प्रथम दृष्टया मस्जिद परिसर में कोई कुआं नजर नहीं आया। मामले की रिपोर्ट एसडीएम को सौंपने और राजस्व विभाग से जांच कराने की बात कही गई थी।

फिलहाल गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात है और प्रशासन की जांच के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट होगी।

Also Read: बलरामपुर: DJ की तेज आवाज से बेहोश हुई 12 साल की बच्ची, क्लास में हुई दर्दनाक मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.