फ्लाईदुबई विमान हाईजैक मामले में NIA ने यूएई के सह-पायलट के खिलाफ आतंकवाद-रोधी और UAPA के तहत दर्ज की FIR

Sandesh Wahak Digital Desk: इजरायल के तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान के दौरान भारतीय कप्तान पर हुए कथित हमले और विमान को हाईजैक करने की सनसनीखेज साजिश के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने शिकंजा कस दिया है। एजेंसी ने इस गंभीर घटना को केवल एक साधारण विमानन अपराध नहीं, बल्कि एक संभावित अंतरराष्ट्रीय आतंकी साजिश और कट्टरपंथी नेटवर्क से जुड़ा मामला मानते हुए कठोर आतंकवाद-रोधी कानूनों के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अटॉर्नी जनरल हामद सैफ अल शम्सी द्वारा किए गए खुलासे के मुताबिक, फ्लाईदुबई के 29 वर्षीय ओमानी सह-पायलट हमाम अल हमामी ने कथित तौर पर विमान का नियंत्रण जबरन अपने कब्जे में लेकर उसे इजरायल के बेन गुरियन एयरपोर्ट टर्मिनल से टकराने का खतरनाक षड्यंत्र रचा था। यूएई की सरकारी समाचार एजेंसी WAM के अनुसार, आरोपी ने 30 सितंबर को इस नापाक हरकत को अंजाम देने की कोशिश की थी। जांच में यह भी सामने आया कि उसने रूट और एयरपोर्ट की भौगोलिक स्थिति को समझने के लिए पहले भी दो बार तेल अवीव की उड़ान भरी थी।

घटना के वक्त विमान की कमान भारतीय कप्तान स्मित मच्छर के हाथों में थी। आरोप है कि सह-पायलट ने कॉकपिट के भीतर क्रैश एक्स (कुल्हाड़ी) से कप्तान पर अचानक हमला कर दिया और विमान का नियंत्रण छीनने का प्रयास किया। इसके बावजूद, साहसी कप्तान ने गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी उसका डटकर मुकाबला किया। इस बीच रिजर्व पायलट, केबिन क्रू और कुछ सतर्क यात्रियों ने भी तुरंत हस्तक्षेप किया, जिससे विमान हाईजैक करने की यह बड़ी कोशिश विफल हो गई। इसके बाद रिजर्व पायलट ने विमान को सुरक्षित रूप से सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर लैंड कराया, जिससे एक बड़ा हादसा टाल दिया गया।

NIA ने जोड़ी UAPA और एंटी-हाइजैकिंग की धाराएं

एनआईए सूत्रों के अनुसार, दर्ज की गई प्राथमिकी में एंटी-हाइजैकिंग एक्ट, 2016 की धारा 3 (बल, धमकी या डर दिखाकर विमान का अपहरण या नियंत्रण का प्रयास) के साथ-साथ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) की धारा 15(1)(ए) और धारा 16 को शामिल किया गया है। इसके अलावा, संभावित ‘लोन वुल्फ’ आतंकी हमले, साजिश, कट्टरपंथ (रेडिकलाइजेशन) और आरोपी के किसी प्रतिबंधित आतंकी संगठन से संबंधों की गहराई से जांच के लिए UAPA की धारा 18 और 20 भी जोड़ी गई हैं।

Also Read: शरजील इमाम की अंतरिम जमानत रद्द, शर्त तोड़ने पर कोर्ट ने सरेंडर करने का दिया आदेश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.