Diljit Dosanjh Concert: दिल्ली में दिलजीत के शो की तैयारी पूरी, रात 12 बजे तक चलेगी मेट्रो, ट्रैफिक एडवाइजरी जारी

Entertainment News: पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के ‘ऑरा इंडिया टूर 2026’ को लेकर दिल्ली में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होने वाले कॉन्सर्ट में बड़ी संख्या में फैंस के पहुंचने की उम्मीद है।

इसे देखते हुए दिल्ली मेट्रो ने रात 12 बजे तक सेवाएं जारी रखने की जानकारी दी है। वहीं, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने स्टेडियम के आसपास यातायात को लेकर एडवाइजरी जारी की है।

दिलजीत दोसांझ ने इंस्टाग्राम पर वीडियो साझा कर फैंस से मेट्रो से सफर करने की अपील की है।

उन्होंने बताया कि वह और उनकी टीम दिल्ली पहुंच चुके हैं और रिहर्सल भी पूरी हो गई है।

सिंगर ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने उनसे फैंस को मेट्रो से आने की सलाह देने का अनुरोध किया है।

उन्होंने बताया कि वेन्यू पर पार्किंग की सुविधा नहीं है, इसलिए मेट्रो से पहुंचना सुविधाजनक रहेगा।

रात 12 बजे तक मेट्रो सेवा, ट्रैफिक डायवर्जन

कॉन्सर्ट के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो की सेवाएं रात 12 बजे तक जारी रहेंगी। वहीं, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने दोपहर 1 बजे से आधी रात तक स्टेडियम के आसपास यातायात प्रभावित रहने और जरूरत के मुताबिक डायवर्जन की चेतावनी दी है।

फैंस को सलाह दी गई है कि वे निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें, ताकि जाम और पार्किंग की परेशानी से बचा जा सके।

दिलजीत ने वीडियो में बताया कि कॉन्सर्ट शाम 7:30 बजे शुरू होगा और उन्हें रात 10 बजे तक शो समाप्त करने को कहा गया है।

उन्होंने कहा कि उनके पास गाने बहुत हैं, लेकिन समय सीमित है। यह 2026 में दिल्ली में उनका पहला टूर है। उन्होंने यह भी कहा कि वह अगली बार 2028 में दिल्ली आएंगे।

सिंगर ने फैंस से अपने पसंदीदा गानों के नाम कमेंट में बताने को भी कहा। उन्होंने कहा कि संभव हुआ तो वह उन गानों को शो में शामिल करने की कोशिश करेंगे।

दिल्ली के बाद इन शहरों में करेंगे परफॉर्म

दिल्ली के बाद दिलजीत दोसांझ के टूर में 15 नवंबर को इंदौर, 21 नवंबर को अहमदाबाद, 27 नवंबर को मुंबई, 29 नवंबर को बेंगलुरु और 5 दिसंबर को लखनऊ में कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।

चंडीगढ़ में होने वाले शो की तारीख अभी घोषित नहीं की गई है।

कॉन्सर्ट में बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए फैंस को सलाह दी गई है कि वे यात्रा की योजना पहले से बनाएं और ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी का पालन करें।

Also Read: नसीरुद्दीन शाह ने खुद को बताया ‘दिमागी नक्सल’, किरेन रिजिजू का पलटवार, बोले- लोकतंत्र के लिए हानिकारक

Get real time updates directly on you device, subscribe now.