PMLA कोर्ट ने आजम खान को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा
Ghaziabad News: सपा के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। रविवार को गाजियाबाद की एक विशेष PMLA (प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट) अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। यह कार्रवाई मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी और जौहर ट्रस्ट से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग और वित्तीय अनियमितताओं के मामलों के तहत की गई है।
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अदालत में पेश कर आजम खान की 14 दिन की हिरासत की मांग की थी। हालांकि, सुनवाई के दौरान उनके वकीलों ने एजेंसी की इस रिमांड अर्जी का कड़ा विरोध किया। अदालत के आदेश के बाद अब उन्हें गाजियाबाद की डासना जेल में रखे जाने की संभावना है। जेल अधीक्षक सीताराम शर्मा ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि नए नियमों और प्रक्रियाओं के तहत सभी कैदियों को शुरुआत में सामान्य बैरक में ही रखा जाता है।
जेल से रिहाई के तुरंत बाद हुई थी गिरफ्तारी
गौरतलब है कि शनिवार को ही आजम खान दो पैन कार्ड (PAN card) से जुड़े मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद रामपुर जेल से रिहा हुए थे। लेकिन जेल के गेट से बाहर आते ही ईडी ने उन्हें हिरासत में ले लिया था। सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनकी इस दोबारा गिरफ्तारी पर कड़ा विरोध जताया है।
अब कहने के लिए बचा ही क्या है: आजम खान
गाजियाबाद अदालत में पेशी के दौरान कड़ी सुरक्षा के बीच जब मीडियाकर्मियों ने उनसे कुछ कहने का आग्रह किया, तो उनका दर्द छलक उठा। आजम खान ने संक्षिप्त प्रतिक्रिया देते हुए कहा, अब कहने के लिए बचा ही क्या है? फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।

