Bareilly News: गौवंश संरक्षण और दुग्ध उत्पादन को लेकर हुई समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश
Bareilly News: बरेली स्थित सर्किट हाउस सभागार में अपर निदेशक, मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी, पराग के महाप्रबंधक और पशु चिकित्सा अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में गौवंश संरक्षण, गौशालाओं के सुदृढ़ीकरण और जिले में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए।
अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सड़कों पर एक भी निराश्रित गौवंश दिखाई नहीं देना चाहिए और उन्हें तत्काल सुरक्षित निराश्रित गौशालाओं तक पहुंचाया जाए। गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से वर्मी कम्पोस्ट (केचुआ खाद), गौकाष्ठ, गौदीप निर्माण और महिला स्वयं सहायता समूहों (SHG) को इनसे जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही, प्रत्येक गौशाला में सीसीटीवी कैमरे, पक्की बाउंड्री, हरा चारा, भूसा, बिजली और पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

नस्ल सुधार और नियमित बजट पर चर्चा
बैठक के दौरान अधिकारियों से गौशालाओं में दुधारू गायों के रखरखाव, नस्ल सुधार, कृत्रिम गर्भाधान और गौवंश के बेहतर संरक्षण पर जोर देने को कहा गया। गौशालाओं के सुचारू संचालन के लिए राज्य वित्त आयोग से नियमित धनराशि उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक समन्वय स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में दुग्ध समितियों का गांव-गांव विस्तार करने, दूध की गुणवत्ता बनाए रखने और पशुपालक किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज दुग्ध उत्पादन में पूरे देश में प्रथम स्थान पर है, क्योंकि कृषि और पशुपालन एक-दूसरे के पूरक हैं। इसके अतिरिक्त, आगामी दीपावली त्योहार के अवसर पर पराग की गुणवत्तापूर्ण और स्वादिष्ट मिठाइयां आम जनता के लिए उपलब्ध कराने के भी निर्देश जारी किए गए।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: प्रत्याशियों की पहली सूची आते ही पंजाब AAP में बगावत, दो विधायकों ने दिया इस्तीफा

