‘यूपी से ऐसी विदाई करेंगे कि दोबारा लौट नहीं पाएंगे’, रामलीला मैदान में BJP पर बरसे अखिलेश यादव
Akhilesh Yadav in INDIA Bloc Rally: दिल्ली के रामलीला मैदान (Ramlila Maidan) में INDIA ब्लॉक की महारैली में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने BJP पर जमकर हमला बोला। उन्होंने उत्तर प्रदेश में वोटर लिस्ट से 1 करोड़ 27 लाख वोट काटे जाने का दावा करते हुए चुनावी धांधली का आरोप लगाया। अखिलेश ने कहा कि बीजेपी को अपनी हार का अंदाजा हो गया है, इसलिए वह इसका ठीकरा दूसरों पर फोड़ना चाहती है।
अखिलेश यादव ने कहा कि अगर 1.27 करोड़ वोटों को यूपी की 403 विधानसभा सीटों के हिसाब से देखें, तो हर सीट पर औसतन करीब 31 हजार वोट कम हुए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या बीजेपी नेताओं के वोट भी कटे हैं? सपा प्रमुख ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी और उसके सहयोगियों की ऐसी विदाई होगी कि वे दोबारा सत्ता में नहीं लौट पाएंगे।
‘डबल इंजन वालों को डबल जीरो मिला’
यूपी की राजनीति पर निशाना साधते हुए Akhilesh Yadav ने कहा कि जो लोग प्रदेश को अपना ‘अंगद का पैर’ बताते थे, अब उनके सामने जमीन ही नहीं बची है। उन्होंने काशी का जिक्र करते हुए कहा कि वहां की जनता ने डबल इंजन सरकार को ‘डबल जीरो’ दे दिया है। उनके मुताबिक, बीजेपी ने चंडीगढ़ जैसी चाल चलने की कोशिश की, लेकिन कामयाब नहीं हो पाई।
वोट चोरी के आरोपों पर अखिलेश ने 2022 के यूपी विधानसभा चुनाव का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के समर्थकों के नाम हजारों बूथों की मतदाता सूची से हटाए गए थे। पार्टी कार्यकर्ताओं और ‘पीडीए प्रहरियों’ ने बूथ स्तर पर ऐसे मतदाताओं की पहचान की, जो 2019 में वोट डाल चुके थे, लेकिन 2022 में मतदान नहीं कर पाए। अखिलेश के मुताबिक, इस संबंध में हलफनामा देकर चुनाव आयोग को जानकारी भी दी गई थी।
उन्होंने रामपुर लोकसभा उपचुनाव का भी जिक्र किया और आरोप लगाया कि वहां पुलिस बल की मदद से लोगों को मतदान से रोका गया और घरों में जाकर धमकाया गया। अखिलेश ने कहा कि इसके बावजूद महिलाएं डरने के बजाय वोट डालने पहुंचीं।
‘लोकतंत्र की हल्दी घाटी बन गया रामलीला मैदान’
अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने रामलीला मैदान की तुलना लोकतंत्र की ‘हल्दी घाटी’ से की। उन्होंने महाभारत में शकुनी के पासों का उदाहरण देते हुए बीजेपी पर चुनावी साजिश रचने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि राम के नाम पर चंदा और चढ़ावा चोरी करने वालों का भी हिसाब होगा।
उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी और युवाओं पर हुए कथित जुल्म का मुद्दा उठाते हुए कहा कि नई पीढ़ी एक-एक लाठी और जख्म का हिसाब लेगी। अखिलेश ने दावा किया कि वोट चोरी के मामले में बीजेपी सबसे आगे है।
Also Read: अमित शाह के अंगद वाले बयान पर अखिलेश का पलटवार, बोले- जब जमीन ही नहीं बची तो पैर कहां रखेंगे

