Bareilly News: महिला के कान से कुंडल लूटने वाला आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
Bareilly News: जनपद बरेली फरीदपुर थाना क्षेत्र में बाइक सवार महिला के कान से कुंडल लूटने के मामले में पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, घटना में इस्तेमाल बाइक और लूटा गया कुंडल बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 30 अक्टूबर को सुनील अपनी पत्नी ईशु के साथ बाइक से ससुराल जा रहे थे। शाम करीब पांच बजे दशमेश ढाबे के पास एक अज्ञात बाइक सवार ने उनकी पत्नी के कान से कुंडल खींच लिया और फरार हो गया।
सुनील की शिकायत पर फरीदपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
घटनास्थल के आसपास मिले फुटेज में दिखे चेहरे की पहचान के लिए पुलिस ने यक्ष ऐप के ‘चेहरे से खोजें’ फीचर का इस्तेमाल किया।
इसके आधार पर आरोपी की पहचान देवराज के रूप में हुई।
चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग का आरोप
पुलिस के अनुसार, 2 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी उगनपुर गांव के पास बाइक से घूम रहा है।
इसके बाद SOG-02 और फरीदपुर पुलिस की टीम ने मोहनपुर गांव के पास कच्ची नहर पटरी पर चेकिंग शुरू की।
सुबह करीब 7:30 बजे बाइक से आ रहे संदिग्ध को रुकने का इशारा किया गया। आरोप है कि उसने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह घायल होकर गिर पड़ा। उसकी पहचान देवराज (28) पुत्र श्याम सिंह, निवासी बकैनिया, थाना फरीदपुर के रूप में हुई।
तमंचा, बाइक और लूटा गया कुंडल बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 32 बोर का एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, घटना में इस्तेमाल बाइक और लूटा गया पीली धातु का कुंडल बरामद किया है।
बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी। पुलिस ने चेसिस नंबर की ई-चालान ऐप से जांच की तो उसका पंजीकरण नंबर UP25ED6693 मिला।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में 30 अक्टूबर की लूट की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
उसके खिलाफ बरेली के अलग-अलग थानों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत आठ आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

