Rise and Fall 2: स्वरा भास्कर, गौतम गुलाटी और करण पटेल के साथ टॉप-6 में पहुंचीं निहारिका-प्रियंका, फिनाले से पहले बड़ा ट्विस्ट

Rise and Fall Season 2: वीरेंद्र सहवाग के रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल सीजन 2’ में ग्रैंड फिनाले की उल्टी गिनती शुरू हो गई है।

रूलर्स और वर्कर्स के बीच लंबे समय तक चले मुकाबले के बाद आखिरकार शो के टॉप-6 फाइनलिस्ट तय हो गए हैं।

स्वरा भास्कर, गौतम गुलाटी और करण पटेल ने रूलर्स के तौर पर पहले ही फिनाले में अपनी जगह पक्की कर ली थी।

वहीं, शेहजाद पूनावाला भी पहले से फाइनलिस्ट की दौड़ में शामिल थे।

अब सेमीफाइनल मुकाबले के बाद निहारिका तिवारी और प्रियंका चाहर चौधरी ने भी टॉप-6 में जगह बना ली है।

दोनों ने आखिरी राइज चैलेंज में शानदार प्रदर्शन करते हुए पेंटहाउस के बचे हुए दो स्थान अपने नाम किए। इस मुकाबले में पीछे रहने के कारण सोनम मलिक को शो से बाहर होना पड़ा।

आखिरी राइज चैलेंज में निहारिका और प्रियंका ने मारी बाजी

बेसमेंट बंद होने की घोषणा के बाद वर्कर्स के बीच फाइनल की आखिरी दो जगहों के लिए मुकाबला शुरू हुआ।

वर्कशॉप में आयोजित अंतिम ‘राइज चैलेंज’ में निहारिका तिवारी, प्रियंका चाहर चौधरी और सोनम मलिक आमने-सामने थीं। इस टास्क में करण पटेल ने स्कोरकीपर की भूमिका निभाई।

कड़े मुकाबले के बाद निहारिका और प्रियंका ने बाजी मार ली। दोनों ने पेंटहाउस में जगह बनाकर टॉप-6 में अपनी दावेदारी पक्की कर दी। वहीं, सोनम मलिक को मुकाबले में हार के बाद शो से विदाई लेनी पड़ी।

आखिरी टास्क के दौरान शो में जबरदस्त ड्रामा भी देखने को मिला। निहारिका ने कहा कि वह आगे बढ़ने के लिए चीटिंग का सहारा नहीं लेंगी।

इस पर पेंटहाउस से मुकाबला देख रहे गौतम गुलाटी ने उनके पुराने गेम पर सवाल उठा दिए।

गौतम की टिप्पणी पर निहारिका भड़क गईं और उन्होंने पलटवार करते हुए कहा, “तुम तो बोलो ही मत, तुम सबसे बड़े चीटर हो यहां पे।”

इस आरोप पर गौतम ने इसे महज ‘फेक कंटेंट’ बताया। दोनों के बीच हुई इस तीखी बहस ने शो का माहौल गरमा दिया।

‘लास्ट दावत’ में भी नहीं खत्म हुई दुश्मनी

टॉप-6 फाइनलिस्ट तय होने के बाद उनके लिए टावर में ‘लास्ट दावत’ का आयोजन किया गया। हालांकि, जश्न के बीच भी कंटेस्टेंट्स के पुराने विवाद सामने आते रहे।

गौतम गुलाटी ने निहारिका और प्रियंका के साथ बैठने से इनकार कर दिया। उन्होंने स्वरा भास्कर से अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा, “मैं उन लोगों के साथ नहीं बैठ सकता जिन्होंने मुझे ट्रॉमा दिया है… मेरे को इनकी न शक्ल जीवन में देखनी है न इस शो के बाद देखनी है।”

वहीं, प्रियंका चाहर चौधरी ने शेहजाद पूनावाला के साथ अपनी पुरानी गलतफहमियां दूर करने की कोशिश की। उन्होंने साफ किया कि उन्होंने कभी शेहजाद को ‘नेवला’ नहीं कहा था।

सीक्रेट वोटिंग से फिनाले में आया नया ट्विस्ट

ग्रैंड फिनाले से पहले शो में एक और बड़ा मोड़ देखने को मिला। फॉर्च्यून फ्लोर पर सीक्रेट वोटिंग कराई गई, जिसमें रूलर्स को ऐसे फाइनलिस्ट को नामांकित करना था, जिसे वे फिनाले के लिए अयोग्य मानते हैं।

इस गुप्त मतदान का नतीजा ग्रैंड फिनाले में सामने आएगा। ऐसे में टॉप-6 में जगह बनाने वाले कंटेस्टेंट्स के सामने अब एक नई चुनौती खड़ी हो गई है।

देखना होगा कि इन छह फाइनलिस्ट में से कौन इस मुकाबले को जीतकर ‘राइज एंड फॉल सीजन 2’ की ट्रॉफी अपने नाम करता है।

Also Read: रामायण का बड़ा सरप्राइज: राघव जुयाल बने मेघनाद, 5 सेकंड की झलक ने खींचा फैंस का ध्यान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.