NEET री-एग्जाम में नागपुर की जगह अबू धाबी मिला सेंटर, शिकायत पर NTA ने सुधारी गलती

NEET UG 2026 Re-Exam: NEET UG 2026 की दोबारा होने वाली परीक्षा से पहले राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) एक बड़ी तकनीकी गलती को लेकर चर्चा में आ गई है। 21 जून को आयोजित होने वाली NEET री-एग्जाम के लिए महाराष्ट्र के नागपुर के एक अभ्यर्थी को गलती से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अबू धाबी में परीक्षा केंद्र आवंटित कर दिया गया। इस घटना के बाद छात्र और उसके परिवार की चिंता काफी बढ़ गई।

जानकारी के अनुसार, नागपुर के छात्र अब्दुल्लाह ने आवेदन करते समय परीक्षा केंद्र के लिए नागपुर और वर्धा को अपनी प्राथमिकता के रूप में चुना था। इसके बावजूद NTA की कथित तकनीकी चूक के कारण उसे स्थानीय केंद्र की जगह सीधे अबू धाबी का परीक्षा केंद्र आवंटित कर दिया गया। परीक्षा में केवल एक दिन बाकी होने के कारण परिवार के सामने बड़ी समस्या खड़ी हो गई, क्योंकि इतने कम समय में पासपोर्ट, वीजा और विदेश यात्रा की प्रक्रिया पूरी करना संभव नहीं था।

शिकायत के बाद हरकत में आया NTA

मामले की जानकारी मिलते ही अभिभावकों ने NTA हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद एजेंसी ने मामले पर ध्यान दिया और शुरुआती स्तर पर तकनीकी गलती स्वीकार की। NTA ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए कहा कि शिकायत की जांच की जा रही है और सही सत्यापन के बाद उम्मीदवार को नागपुर में ही नया परीक्षा केंद्र आवंटित किया जाएगा। बाद में छात्र का परीक्षा केंद्र बदलकर नागपुर कर दिया गया।

इसी बीच NTA ने यह भी घोषणा की है कि NEET UG 2026 री-एग्जाम से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां और परीक्षा केंद्र संबंधी अपडेट उम्मीदवारों को उसके आधिकारिक WhatsApp चैनल के माध्यम से भेजे जाएंगे। एजेंसी का कहना है कि यह कदम इसलिए उठाया गया है ताकि 21 जून की परीक्षा से पहले किसी भी तरह की भ्रम की स्थिति न बने और सभी उम्मीदवारों तक जरूरी जानकारी समय पर पहुंच सके।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.