कन्नौज के 19 मंदिरों में सोलर लाइट लगाने की अखिलेश यादव ने की सिफारिश, डीएम को भेजा प्रस्ताव

Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में जल्द ही कई धार्मिक स्थल सोलर लाइटों की रोशनी से जगमगाएंगे। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कन्नौज सांसद अखिलेश यादव ने सांसद निधि से 19 मंदिरों और अन्य धार्मिक स्थलों पर सोलर लाइट लगाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही सरायमीरा में एक हाईमास्ट लाइट और ग्राम मानपुर में 500 मीटर लंबी सीसी सड़क निर्माण का प्रस्ताव भी स्वीकृत किया गया है।

इन धार्मिक स्थलों को मिलेगा लाभ

सपा नेता जय कुमार तिवारी ने बताया कि स्वीकृत प्रस्तावों में जलालाबाद विकासखंड के मठिया शिव मंदिर, मिरगांवा बजरंगबली मंदिर, खिरजापुर गमा देवी मंदिर, रामपुर निवादा रेगावां बालाजी मंदिर, परसपुर सरैया बजरंगबली मंदिर, नदसिया बालाजी मंदिर, जलालपुर मतौली का फूलनदास समाधि स्थल, सतौरा हनुमान मंदिर और अलीनगर ब्रह्मदेव मंदिर शामिल हैं।

इसके अलावा गुगरापुर विकासखंड के चिंतामणि मंदिर, मामा भोले मंदिर, स्वामी हरिश्चंद्र आश्रम, करीमपुर आश्रम और भिम्मापुरवा कटरी अमीनाबाद स्थित शिव मंदिर को भी योजना में शामिल किया गया है। वहीं कन्नौज विकासखंड के कुतलूपुर स्थित मांडवी देवी मंदिर, हजारा महादेवी मंदिर, सिद्धनाथ बाबा मंदिर और भटपुरी के बाबा पंचमुखी महादेव मंदिर में भी सोलर लाइटें लगेंगी।

श्रद्धालुओं को मिलेगी सुविधा

अखिलेश यादव ने प्रस्तावों को मंजूरी देने के बाद जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री को पत्र भेजकर इन्हें पोर्टल पर अपलोड करने और आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उम्मीद है कि संबंधित विभाग जल्द काम शुरू करेंगे।

कन्नौज के कई धार्मिक स्थलों पर बिजली की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से रात में अंधेरा रहता है। इससे श्रद्धालुओं को दर्शन और पूजा-पाठ में परेशानी होती है। सोलर लाइट लगने के बाद इन स्थलों पर रोशनी की बेहतर व्यवस्था होगी और रात के समय आने-जाने में भी सुविधा मिलेगी।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.