बांकीपुर में BJP की हार पर अखिलेश का तंज, भगवान को नचाने वालों को भगवान ने भी नचा दिया

Akhilesh Yadav: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर भाजपा की हार के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बिना किसी का नाम लिए भाजपा नेतृत्व पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “भगवान को नचाने का अहंकार रखने वालों को भगवान ने ही नचा दिया। अपने को भगवान से ऊपर समझने वालों को जनता ने चलती गाड़ी से नीचे उतार दिया।”

हनुमान वेश वाले वीडियो का किया इशारा

अखिलेश यादव का बयान उस घटना से जोड़कर देखा जा रहा है, जब भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के लखनऊ दौरे के दौरान उनकी गाड़ी के आगे हनुमान की वेशभूषा में एक व्यक्ति भाजपा का झंडा लेकर नाचता नजर आया था। उस समय विपक्ष ने इसे भगवान हनुमान का अपमान बताया था। अब बांकीपुर में भाजपा की हार के बाद अखिलेश ने उसी मुद्दे पर तंज कसा है।

5 बड़ा या 7 कहकर भी साधा निशाना

सपा प्रमुख ने कहा कि अब भाजपा के लोग भी अपने नेताओं से इस्तीफा मांगेंगे। उन्होंने फिर से “5 बड़ा या 7” वाला तंज दोहराते हुए भाजपा नेतृत्व पर सवाल उठाए। उनका इशारा पांच बार विधायक रहे नितिन नवीन और सात बार सांसद रहे पंकज चौधरी की ओर था।

अखिलेश ने बांकीपुर के नतीजे को “डबल इंजन की डबल हार” बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली सीट भी नहीं बच सकी और यह बदलाव की शुरुआत है। साथ ही उन्होंने जन सुराज के नेता प्रशांत किशोर को जीत की बधाई देते हुए संविधान के प्रति प्रतिबद्ध रहकर जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने की सलाह दी। उन्होंने भाजपा की हार को युवाओं की एकजुटता और जनता के आक्रोश का परिणाम भी बताया।

Also Read: PM मोदी का वीडियो हटाने पर Meta की बढ़ीं मुश्किलें, IT समिति ने उठाई कार्रवाई की मांग 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.