राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को चेताया, ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ, दोबारा हिमाकत की तो घुटनों पर ला देंगे

Sandesh Wahak Digital Desk: भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पड़ोसी देश पाकिस्तान को अब तक की सबसे कड़ी चेतावनी दी है। केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में सैनिकों को संबोधित करते हुए उन्होंने साफ कर दिया कि आज का भारत आतंकवाद के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर चलता है और जरूरत पड़ने पर सरहद पार जाकर जवाब देने से भी पीछे नहीं हटेगा।

22 मिनट में सिखाया था सबक

बीते साल मई में हुई सैन्य कार्रवाई का जिक्र करते हुए राजनाथ सिंह ने बताया कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने जो पलटवार किया, उसने दुनिया को देश की बदलती शक्ति का अहसास कराया। उन्होंने कहा, पहलगाम में जिस तरह आतंकियों ने धर्म पूछकर लोगों को निशाना बनाया, उसने पूरे देश की आत्मा को झकझोर दिया था। इसके जवाब में भारतीय जांबाजों ने ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया और महज 22 मिनट के भीतर पाकिस्तान के आतंकी अड्डों को नेस्तनाबूद कर दिया। यह भारतीय सैन्य इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा एंटी-टेरर ऑपरेशन था।

पिक्चर अभी बाकी है

रक्षा मंत्री ने वैश्विक हालातों (अमेरिका-ईरान युद्ध) की ओर इशारा करते हुए चेतावनी दी कि अगर इस अस्थिरता का फायदा उठाकर किसी ने कोई दुस्साहस किया, तो भारत की कार्रवाई अभूतपूर्व और निर्णायक होगी। उन्होंने एक बड़ा बयान देते हुए कहा, मैं साफ कर देना चाहता हूं कि ऑपरेशन सिंदूर अभी बंद नहीं हुआ है। अगर पाकिस्तान की तरफ से फिर कोई नापाक हरकत हुई, तो हमारे सैनिक ऐसा जवाब देंगे जिसे वे ताउम्र भूल नहीं पाएंगे।

राजनाथ सिंह ने जोर देकर कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर अब भारत का नजरिया और काम करने का तरीका पूरी तरह बदल चुका है। पहले हम सिर्फ बचाव करते थे, लेकिन अब हम पहलगाम जैसे हमलों का बदला घर में घुसकर लेते हैं। उन्होंने कहा कि पहलगाम हमला सिर्फ कुछ लोगों पर नहीं, बल्कि भारत की सामाजिक एकता और ताने-बाने पर हमला था, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

Also Read: भवानीपुर में बरसे अमित शाह, जनता से बोले- ममता बनर्जी को अब टाटा-बाय बाय कर दो

Get real time updates directly on you device, subscribe now.