Bareilly News: पुलिस की घेराबंदी देख बदमाशों ने झोंका फायर, 17 मुकदमों का आरोपी बदमाश घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली जनपद के थाना भोजीपुरा क्षेत्र में सोमवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हो गई। बासुन्धरन ढाल के पास हुई इस फायरिंग में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान एक शातिर बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दूसरे साथी को घेराबंदी कर दबोच लिया गया। घायल बदमाश पर पूर्व से 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

स्कूल में चोरी के बाद फिर से वारदात की थी फिराक

भोजीपुरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि प्राथमिक विद्यालय दलपतपुर में चोरी करने वाले गिरोह के सदस्य चोरी का माल ठिकाने लगाने और नई वारदात को अंजाम देने के इरादे से बासुन्धरन-दलपतपुर मार्ग पर आने वाले हैं। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने रात करीब 2:45 बजे चेकिंग शुरू की, तभी कंधे पर बोरी टांगे दो संदिग्ध पैदल आते दिखे।

पुलिस ने जब संदिग्धों को रुकने का इशारा किया, तो दोनों बदमाश खेतों की तरफ भागने लगे और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान बदमाशों की एक गोली आरक्षी दीपक के बाजू को छूते हुए निकल गई, जिससे वह बाल-बाल बच गए।

घायल अफसर अली का लंबा आपराधिक इतिहास

पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें अफसर अली (निवासी बदायूं) पैर में गोली लगने से घायल होकर गिर पड़ा। वहीं, खेतों में छिपे उसके साथी हसनैन उर्फ साहिल (निवासी शाहजहांपुर) को भी पुलिस ने दबोच लिया। घायल अफसर अली के विरुद्ध पूर्व से 17 और हसनैन पर 14 अभियोग दर्ज हैं।

बरामदगी और विधिक कार्रवाई

पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से निम्नलिखित सामान बरामद किया है।

01 अवैध तमंचा (315 बोर)

02 जिंदा कारतूस और 01 खोखा

01 गैस सिलेंडर और एक गैस चूल्हा

10 स्टील की थाली और ₹2200 नगद

घायल बदमाश और घायल पुलिसकर्मी को उपचार के लिए सीएचसी भोजीपुरा भेजा गया है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।

Also Read: पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में जीत पीएम मोदी के प्रति अटूट जन-विश्वास का प्रतीक: सीएम योगी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.