Bareilly News: भोजीपुरा में पुलिस मुठभेड़, गौकशी की फिराक में घूम रहा शातिर बदमाश गिरफ्तार, एक फरार
Sandesh Wahak Digital Desk: जनपद बरेली के भोजीपुरा थाना क्षेत्र में गौवंशीय पशुओं के वध की योजना बना रहे एक शातिर बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
इस दौरान एक आरोपी फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। मुठभेड़ में एक सिपाही और आरोपी घायल हुए हैं।
घटना 8 जून 2026 की रात की है। थाना भोजीपुरा पुलिस की टीम उपनिरीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह के नेतृत्व में क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त कर रही थी।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पचौरी पेट्रोल पंप के सामने सरकारी नलकूप के पास दो बदमाश गौवंशीय पशुओं के वध की फिराक में घूम रहे हैं।
सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने रात करीब 1:50 बजे मौके पर घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ने का प्रयास किया।
खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर अवैध हथियारों से फायरिंग कर दी और भागने लगे। फायरिंग के दौरान आरक्षी सुमित कुमार के बाएं हाथ में गोली लग गई।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश बाएं पैर में गोली लगने से घायल होकर गिर पड़ा, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।
घायल बदमाश की पहचान कल्लू उर्फ कलुवा (34) पुत्र इब्राहीम, निवासी ग्राम भूड़ा, थाना भोजीपुरा, बरेली के रूप में हुई है।
उसके कब्जे से एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस (315 बोर) और गौकशी में प्रयुक्त उपकरण—छुरी, कुल्हाड़ी आदि—बरामद किए गए हैं।
आशुतोष शिवम, ASP/CO हाईवे, बरेली
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी जफर उर्फ रमन कालिया के साथ मिलकर एक आवारा गौवंशीय पशु का वध कर उसका मांस ले जाने की योजना बना रहा था। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें घेर लिया, जिसके बाद दोनों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर फरार होने की कोशिश की।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी कल्लू उर्फ कलुवा गौकशी का अभ्यस्त अपराधी है। उसके खिलाफ बरेली जनपद के विभिन्न थानों में गौकशी, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी और गैंगस्टर एक्ट सहित कुल 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
घायल आरोपी और घायल आरक्षी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। मुठभेड़ के संबंध में आवश्यक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है।
Also Read: UP के 33 PCS अफसरों को मिलेगा IAS बनने का मौका, 10 जून को होगा बड़ा फैसला

