भारत-अफगानिस्तान वनडे मैच के टिकट अब रायबरेली में भी उपलब्ध, दो दिन खुलेंगे स्पेशल काउंटर

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ में होने वाले भारत-अफगानिस्तान वनडे मुकाबले को लेकर रायबरेली के क्रिकेट प्रेमियों के लिए राहत भरी खबर है।

अब मैच के टिकट खरीदने के लिए उन्हें लखनऊ नहीं जाना पड़ेगा। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) ने रायबरेली में दो दिनों के लिए विशेष टिकट काउंटर खोलने का फैसला किया है, जहां से दर्शक सीधे टिकट खरीद सकेंगे।

यूपीसीए के अनुसार, भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला 17 जून 2026 को भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।

इस मैच को लेकर पहले से ही दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

यूपीसीए के मीडिया मैनेजर मोहम्मद फहीम ने बताया कि रायबरेली के क्रिकेट प्रशंसकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 8 और 9 जून को विशेष टिकट काउंटर खोला जाएगा।

यह काउंटर कानपुर रोड स्थित राना नगर ब्रांच के सुघर कॉम्प्लेक्स की तीसरी मंजिल पर, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के ऊपर रहेगा। यहां सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक टिकटों की बिक्री होगी।

₹599 से शुरू होंगे टिकट

टिकटों की कीमत आम दर्शकों के लिए ₹599 से शुरू होगी, जबकि प्रीमियम कैटेगरी के टिकटों की कीमत ₹25,000 तक रखी गई है।

यूपीसीए ने यह भी स्पष्ट किया है कि मांग और उपलब्धता के आधार पर टिकटों के दामों में बदलाव संभव है।

क्रिकेट एसोसिएशन का कहना है कि रायबरेली में काउंटर खोलने का उद्देश्य स्थानीय प्रशंसकों को टिकट खरीदने में होने वाली दिक्कतों को दूर करना है, ताकि उन्हें केवल टिकट के लिए लखनऊ का सफर न करना पड़े।

काउंटर की जानकारी सामने आने के बाद स्टेडियम में बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।

Also Read: वैभव सूर्यवंशी के साथ इंग्लैंड-आयरलैंड दौरे पर रहेंगे माता-पिता, BCCI उठाएगी खर्चा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.