Lucknow News: जन भवन में मियावाकी विधि से 2,796 पौधों का रोपण, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा से चला हरित अभियान
Lucknow News: प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा से जन भवन परिसर स्थित गुलमोहर कॉलोनी में रविवार को मियावाकी विधि से वृहद वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया।
इस दौरान कुल 2,796 पौधों का रोपण किया गया। अभियान का नेतृत्व विशेष कार्याधिकारी (अपर मुख्य सचिव स्तर) डॉ. सुधीर महादेव बोबडे ने किया।
वृक्षारोपण कार्यक्रम में जन भवन के अधिकारियों, कर्मचारियों और कार्मिकों के साथ-साथ गुलमोहर कॉलोनी में रहने वाले बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
चार श्रेणियों में लगाए गए पौधे
मियावाकी पद्धति से लगाए गए पौधों में विभिन्न प्रजातियों को शामिल किया गया। पेड़ प्रजाति के तहत आम, अर्जुन, नीम, महुआ, जामुन, पारस पीपल, महोगनी और पाकड़ के 699 पौधे लगाए गए।

वहीं, उप-पेड़ प्रजाति में शीशम, आंवला, सहजन, कंजी, अमलतास, अमरूद और बकैन के 699 पौधे रोपे गए। इसके अलावा झाड़ी प्रजाति में नींबू, करौंदा, तिकोना, हरसिंगार, मेहंदी, मीठी नीम और गुड़हल के 699 पौधों का रोपण किया गया।
औषधीय पौधों की श्रेणी में एलोवेरा, शतावरी, पिपली, पुदीना, तुलसी, लेमनग्रास और ब्राह्मी के 699 पौधे लगाए गए। इस तरह कुल 2,796 पौधे मियावाकी विधि से रोपित किए गए।
पौधों की देखभाल की अपील
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. सुधीर महादेव बोबडे ने कहा कि यह अभियान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के मार्गदर्शन और प्रेरणा से संभव हो सका है।
उन्होंने कहा कि मियावाकी पद्धति से पौधारोपण कर जन भवन परिसर में हरित और समृद्ध पर्यावरण तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि लगाए गए पौधों को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए नियमित देखभाल करें और समय-समय पर पानी देकर उनके संरक्षण में सहयोग करें, ताकि भविष्य में यह क्षेत्र घने हरित क्षेत्र के रूप में विकसित हो सके।
पहले भी लगाए जा चुके हैं 12 हजार पौधे
गौरतलब है कि राज्यपाल की प्रेरणा से जन भवन में इससे पहले भी तीन चरणों में मियावाकी विधि से करीब 12,000 पौधों का रोपण किया जा चुका है।
यह अभियान पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता बढ़ाने और स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण की दिशा में जन भवन की निरंतर पहल का हिस्सा है।

