Mainpuri News: मैनपुरी में दो मासूम बहनों की सेप्टिक टैंक में मिली लाश, गांव में पसरा मातम
Mainpuri News: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के औंछा थाना क्षेत्र के गांव नगला कंचन में गुरुवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां दो मासूम चचेरी बहनों की लाशें सेप्टिक टैंक में बरामद होने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृत बच्चियों की पहचान 6 वर्षीय साहिबा और 5 वर्षीय गुलिस्तां के रूप में हुई है। दोनों सुबह मस्जिद स्थित मदरसे में पढ़ने गई थीं, लेकिन उसके बाद अचानक लापता हो गईं।
परिजनों के अनुसार दोनों बच्चियां सुबह करीब 10 बजे घर से निकली थीं, लेकिन दोपहर तक वापस नहीं लौटीं। इसके बाद परिवार और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। दिनभर खोजबीन के बावजूद कोई सुराग नहीं मिला। शाम करीब साढ़े सात बजे जब तलाश जारी थी, तभी घर के बाहर बने सेप्टिक टैंक में दोनों के शव तैरते हुए मिले। यह दृश्य देखकर गांव में चीख-पुकार मच गई।
पोस्टमार्टम से परिवार ने का इनकार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इंस्पेक्टर चंद्रपाल सिंह ने मामले की जानकारी ली। हालांकि पुलिस के समझाने के बावजूद परिजनों ने दोनों बच्चियों के पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिससे मौत के कारणों पर सस्पेंस और बढ़ गया है। पुलिस का कहना है कि परिवार के इनकार को दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई इसी आधार पर की जाएगी।
सेप्टिक टैंक की स्थिति ने बढ़ाया सवाल
जानकारी के अनुसार, सेप्टिक टैंक गुलिस्तां के पिता जाकिर हुसैन ने लगभग दो साल पहले बनवाया था और उसे ढक दिया गया था। हाल ही में टैंक को दोबारा चालू करने के लिए खोला गया था और सफाई की तैयारी चल रही थी। लेकिन उससे पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह हादसा है या किसी साजिश का हिस्सा।

