Himachal के चंबा में भीषण सड़क हादसा, 500 फीट गहरी खाई में गिरी बोलेरो, 7 की मौत

Himachal Chamba Accident: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। चंबा-मसरूंड मार्ग पर छतरूंड के पास एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में महिलाएं और पुरुष दोनों शामिल हैं। सभी एक ही गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो ग्राम पंचायत कुठेड़ के महल गांव की थी। गांव के कई लोग पास के काकड़ोथा गांव में आयोजित एक बच्चे के मुंडन संस्कार में शामिल होने गए थे।

कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी लोग देर रात वाहन से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान छतरूंड के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बोलेरो सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी।

हादसा इतना भीषण कि मौके पर ही चली गईं जानें

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन के खाई में गिरते ही उसके परखच्चे उड़ गए। हादसा इतना भयावह था कि छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति ने बाद में दम तोड़ दिया।

Himachal के चंबा में भीषण सड़क हादसा, 500 फीट गहरी खाई में गिरी बोलेरो, 7 की मौत

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और अंधेरे में ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

स्थानीय लोगों ने खाई में उतरकर शवों और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई।

सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों का आरोप है कि जिस स्थान पर दुर्घटना हुई, वहां सड़क किनारे कोई क्रैश बैरियर नहीं लगा था।

लोगों का कहना है कि यदि सड़क सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम होते तो वाहन को खाई में गिरने से रोका जा सकता था और कई जानें बच सकती थीं। हादसे के बाद लोक निर्माण विभाग और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।

पुलिस ने शुरू की जांच

Chamba के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य पूरा कर लिया है। सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर वाहन के नियंत्रण खोने को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

हादसे के बाद महल गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है। एक ही गांव के सात लोगों की मौत से पूरा इलाका गमगीन हो गया है।

Also Read: E20 Petrol पर छिड़ी नई बहस: टंकी पर जुटीं चींटियां, वायरल वीडियो के बाद उठे सवाल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.