UP: IAS Sandeep Bhagia के खिलाफ 60 से अधिक अफसरों ने खोला मोर्चा, क्या है पूरा मामला?

UP News: उत्तर प्रदेश के राज्य कर विभाग में तैनात IAS अधिकारी संदीप भागिया (Sandeep Bhagia) के खिलाफ असंतोष खुलकर सामने आ गया है। गौतम बुद्ध नगर जोन में अपर आयुक्त के पद पर तैनात संदीप भागिया की कार्यशैली को लेकर विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त मोर्चा खोल दिया है। तीनों अधिकारी संगठनों ने एकजुट होकर शासन को पत्र भेजा है, जिसमें उनके व्यवहार और कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए गए हैं।

शिकायत मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव, राज्य कर विभाग की प्रमुख सचिव और राज्य कर आयुक्त को भेजी गई है। बताया जा रहा है कि इस पत्र पर नोएडा जोन के 60 से अधिक अधिकारियों ने हस्ताक्षर किए हैं।

‘बैठकों में सार्वजनिक रूप से करते हैं अपमान’

अधिकारियों ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि अपर आयुक्त (IAS Sandeep Bhagia) का व्यवहार अपमानजनक, असंवेदनशील और अधिकारियों का मनोबल गिराने वाला है। उनका कहना है कि समीक्षा बैठकों के दौरान अधीनस्थ अधिकारियों को सार्वजनिक रूप से डांटना-फटकारना और व्यक्तिगत टिप्पणियां करना आम बात हो गई है।

अधिकारियों का दावा है कि इससे विभागीय कार्य वातावरण प्रभावित हो रहा है और कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा है।

विवाद तब और बढ़ गया जब डिप्टी कमिश्नर वेद प्रकाश सिंह की पत्नी ने मुख्यमंत्री को शिकायत भेजी। इसके बाद अधिकारियों की ओर से सामूहिक पत्र सामने आया।

पत्र में उल्लेख किया गया है कि 12 जून को आयोजित समीक्षा बैठक में डिप्टी कमिश्नर वेद प्रकाश सिंह को सभी अधिकारियों के सामने फटकारा गया। उन्होंने पुलिस भर्ती परीक्षा में ड्यूटी के कारण कार्य प्रभावित होने की जानकारी दी थी, लेकिन इसके बावजूद उन्हें कठोर टिप्पणी का सामना करना पड़ा।

अधिकारियों का आरोप है कि बैठक के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें चिकित्सकीय सहायता लेनी पड़ी।

‘जोन में भय और तनाव का माहौल’

शिकायत पत्र में कहा गया है कि संदीप भागिया के कार्यभार संभालने के बाद से जोन में भय और तनाव का माहौल बन गया है। अधिकारियों का आरोप है कि संवाद और समन्वय के बजाय दबाव की कार्यशैली अपनाई जा रही है।

उनका कहना है कि लगातार सार्वजनिक फटकार और सख्त रवैये के कारण कई अधिकारी मानसिक तनाव महसूस कर रहे हैं, जिसका असर कार्यकुशलता पर भी पड़ रहा है।

तीनों अधिकारी संगठन हुए एकजुट

IAS Sandeep Bhagia के खिलाफ राज्य कर विभाग के तीनों अधिकारी संगठन एक मंच पर आ गए हैं। संयुक्त बैठक में अधिकारियों ने संदीप भागिया की कार्यशैली पर आपत्ति जताते हुए इसकी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

संगठनों का कहना है कि किसी भी अधिकारी के साथ अपमानजनक व्यवहार स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने शासन से पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

Also Read: ‘रील नहीं, ड्यूटी पर फोकस करें’, रीलबाज कर्मचारी और पुलिसवालों को CM Yogi की दो टूक नसीहत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.