Aligarh News: चौदह साल बाद STF के हत्थे चढ़ा 50 हजार का इनामी हत्यारोपी, पुलिस कस्टडी से हुआ था फरार

Aligarh News: उत्तर प्रदेश विशेष कार्य बल (UP STF) की बरेली इकाई ने मंगलवार को एक ऐसे अपराधी को सलाखों के पीछे भेज दिया है, जो कानून की आंखों में धूल झोंककर एक दशक से ज्यादा समय से छिपकर रह रहा था। गिरफ्तार अभियुक्त रजनीश उर्फ चन्द्रभान पर 50,000 रुपये का पुरस्कार घोषित था।

पूछताछ में अभियुक्त ने जो खुलासे किए, वे किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं हैं। रजनीश ने बैंगलोर से बी-फार्मा (B.Pharma) की पढ़ाई की थी और वह रुड़की में एक अच्छी नौकरी कर रहा था। उसकी बहन की बेटी (भांजी) ने प्रेम विवाह कर लिया था, जिससे नाराज होकर रजनीश ने भांजी के पति सोनू चौहान की गोली मारकर हत्या कर दी। इस मामले में मुरादाबाद में उसके खिलाफ हत्या (302) का मुकदमा दर्ज हुआ था।

8 अगस्त, 2012 को जब पुलिस उसे मुरादाबाद जेल से अलीगढ़ की अदालत में पेशी पर ले जा रही थी, तभी वह अलीगढ़ जंक्शन पर ट्रेन से उतरते समय पुलिस अभिरक्षा से चकमा देकर फरार हो गया। फरारी के दौरान रजनीश ने अपनी पहचान पूरी तरह छिपा ली थी। वह नई दिल्ली और राजस्थान में ठिकाने बदलने के बाद वर्तमान में मथुरा की गिर्राजधाम कॉलोनी (महोली रोड) में छिपकर रह रहा था। एसटीएफ ने जीआरपी अलीगढ़ के साथ मिलकर जाल बिछाया और उसे मथुरा से धर दबोचा।

Also Read: Azamgarh News: 50 हजार का इनामी बदमाश आरिफ गिरफ्तार, गौकशी और गैंगेस्टर एक्ट में था वांछित

Get real time updates directly on you device, subscribe now.