नोएडा में चीनी नागरिक समेत 3 गिरफ्तार, STF ने फर्जी कंपनियों के हवाला नेटवर्क का किया भंडाफोड़

Noida News: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने नोएडा में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से भारत में रह रहे एक चीनी नागरिक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। STF के अनुसार, ये लोग शेल कंपनियां बनाकर हवाला और अन्य आर्थिक अपराधों में शामिल थे। आरोपियों की गिरफ्तारी 22 जुलाई की रात सेक्टर-93, नोएडा से की गई।

फर्जी कंपनियों के जरिए चल रहा था करोड़ों का खेल

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चीनी नागरिक Liao Longhui, संजीव कुमार और कौशलेंद्र के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि Liao Longhui वर्ष 2018 से भारत में रह रहा था और YTL Manufacturing Pvt. Ltd. के जरिए कारोबार संचालित कर रहा था। आरोप है कि कंपनी के माध्यम से अंडर इनवॉयसिंग, हवाला और शेल कंपनियों का इस्तेमाल कर धन का अवैध लेन-देन किया जा रहा था। STF का कहना है कि इस पूरे नेटवर्क की कमान चीनी नागरिक के हाथ में थी।

लैपटॉप, मोबाइल, पासपोर्ट और दस्तावेज बरामद

कार्रवाई के दौरान STF ने 5 लैपटॉप, 9 मोबाइल फोन, एक टैबलेट, दो चीनी पासपोर्ट, कई बैंक चेकबुक, विभिन्न कंपनियों की मुहरें, फर्जी आधार कार्ड, कंपनी से जुड़े दस्तावेज और 4.72 करोड़ रुपये से अधिक के बैंक चेक बरामद किए हैं। जांच में कई अन्य शेल कंपनियों के नाम भी सामने आए हैं, जिनका इस्तेमाल कथित तौर पर मनी लॉन्ड्रिंग और हवाला कारोबार में किया जा रहा था।

STF ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। एजेंसी का कहना है कि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है।

Also Read: लखनऊ में म्यूल अकाउंट के जरिए ठगी करने वाले गिरोह के 3 सदस्य गिरफ्तार, 5 लाख रुपये फ्रीज 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.