विकास परियोजनाओं का लोकार्पण कर बोले सीएम योगी, जिन्होंने रामभक्तों पर गोलियां चलाईं, वे आज आस्था के ठेकेदार बन रहे हैं
Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में 995 करोड़ रुपये से अधिक की 14 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और बीएसपी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश दंगों, अराजकता और माफियाराज की गिरफ्त में था, जबकि आज प्रदेश में सुरक्षा और पारदर्शी विकास का माहौल स्थापित हुआ है।
अब योग्यता से मिल रही नौकरी
मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर हमला बोलते हुए कहा कि 2007 से 2017 के दौरान सपा, बसपा और कांग्रेस के दौर में प्रदेश की 29 चीनी मिलों को ओने-पौने दामों में बेचकर युवाओं को बेरोजगार किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले भर्तियों में सिंडिकेट का कब्जा होता था और नौजवानों के अधिकारों पर डाका डाला जाता था। सीएम योगी ने कहा कि आज बिना किसी सिफारिश या भ्रष्टाचार के गोरखपुर और पूरे प्रदेश के योग्य युवाओं का चयन पुलिस, शिक्षक और प्रशासनिक पदों पर हो रहा है।
धार्मिक आयोजनों और आस्था पर प्रहार का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि 2017 से पहले होली, रामनवमी, दुर्गा पूजा और जन्माष्टमी जैसे त्योहारों पर दंगे होते थे और कांवड़ यात्रा पर रोक लगाई जाती थी। उन्होंने सपा और कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि जिन लोगों ने राम मंदिर निर्माण के रास्ते में कानूनी बाधाएं खड़ी कीं और रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं, वे आज आस्थावान बनने का ढोंग कर रहे हैं। सीएम ने कहा कि डबल इंजन सरकार बिना किसी भेदभाव के किसान, युवा और महिलाओं के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
Also Read: संयुक्त राष्ट्र में भारत की पाकिस्तान को दोटूक, आतंकवाद बंद होने तक निलंबित रहेगी सिंधु जल संधि

