Bareilly News: तमंचा और कारतूस के साथ पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर अपराधी
Bareilly News: उत्तर प्रदेश की बरेली पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत फतेहगंज पश्चिमी थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने गुरुवार को मुखबिर से मिली गुप्त सूचना के आधार पर रहपुरा अंडरपास हाईवे के पास स्थित रबड़ फैक्ट्री मैदान से एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपी के पास से पुलिस ने एक देशी तमंचा (.315 बोर) और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस हिरासत में आए अभियुक्त की पहचान 24 वर्षीय मोईन अंसारी उर्फ गुड्डू गुल (पुत्र आबिद हुसैन), निवासी वार्ड नंबर 5, मोहल्ला अंसारी, कस्बा व थाना फतेहगंज पश्चिमी के रूप में हुई है। अवैध असलहा बरामद होने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना फतेहगंज पश्चिमी में आयुध अधिनियम (Arms Act) के तहत केस दर्ज कर लिया है। विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद अभियुक्त को न्यायालय के सामने पेश किया जा रहा है।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि पकड़ा गया आरोपी काफी आपराधिक प्रवृत्ति का है और अक्सर इलाके में लोगों से गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकियां देता रहता था। इससे पूर्व भी आरोपी द्वारा हुसैनी मस्जिद में लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़ने और इलाके में उपद्रव फैलाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। आरोपी पर पहले से ही बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज है। इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक प्रवीन कुमार, उप-निरीक्षक आदेश कुमार, हेड कांस्टेबल विक्की, कांस्टेबल अक्षय कुमार और शिवा पुंडीर की मुख्य भूमिका रही।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: राहुल गांधी ने दिखाए घायल छात्र के जख्म, पैलेट गन चलाने का लगाया आरोप

