Kanpur News: बंदी से मारपीट के आरोप में डिप्टी जेलर और हेड वार्डर सस्पेंड
Kanpur News: उत्तर प्रदेश की कानपुर जेल से सुरक्षा और अनुशासन को लेकर एक बेहद चौंकाने वाला मामला प्रकाश में आया है। जेल परिसर में बंद एक बंदी के साथ मारपीट और अभद्रता करने के गंभीर आरोप में डिप्टी जेलर और हेड वार्डर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। महानिदेशक (डीजी) जेल प्रेमचंद्र मीणा ने दोनों अधिकारियों के खिलाफ यह दंडात्मक कार्रवाई की है।
जेल अधीक्षक राजेश कुमार पांडेय के मुताबिक, पीड़ित बंदी सिराज को बीते महीने ही प्रशासनिक कारणों से फतेहपुर जिला कारागार से कानपुर जेल में स्थानांतरित किया गया था।
कर्मचारियों ने ही खोली पोल
घटनाक्रम के अनुसार, बीते बुधवार को डिप्टी जेलर राजेंद्र कुमार मिश्रा और हेड वार्डर श्याम किशोर तिवारी (त्रिपाठी) ने बंदी सिराज के साथ न सिर्फ गाली-गलौज की, बल्कि उसके साथ बेरहमी से मारपीट भी की। इस पूरी वारदात को दबाने और छिपाने का प्रयास किया गया था, लेकिन जेल अधीक्षक को अन्य जेल कर्मियों के माध्यम से इसकी भनक लग गई। उन्होंने बिना देर किए पूरे मामले की आंतरिक जांच के आदेश दिए।
सस्पेंशन के साथ विभागीय जांच के आदेश
जेल अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि शुरुआती जांच रिपोर्ट में दोनों अधिकारियों पर लगे आरोप पूरी तरह सही पाए गए। इसी रिपोर्ट के आधार पर डीजी जेल ने डिप्टी जेलर और हेड वार्डर को सस्पेंड करने की मुहर लगाई। निलंबन की अवधि के दौरान दोनों कर्मियों को नियमानुसार विभागीय मुख्यालय से संबद्ध (अटैच) रखा जाएगा।
शासन ने इस पूरे घटनाक्रम को बेहद गंभीरता से लिया है। जेल प्रशासन की ओर से साफ किया गया है कि जिम्मेदार पदों पर बैठे अधिकारियों की इस प्रकार की प्रताड़ना और लापरवाही को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले की गहन पड़ताल के लिए विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है और इस संबंध में एक विस्तृत रिपोर्ट फतेहपुर जेल प्रशासन को भी भेजी जा रही है।
Also Read: आजमगढ़-वाराणसी हाईवे पर ट्रेलर और कार की भिड़ंत, झारखंड के 4 लोगों की मौत

