कर्नाटक के यादगीर में कार और बस की भिड़ंत के बाद लगी आग, 6 लोगों की जिंदा जलकर मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: कर्नाटक के यादगीर जिले में शुक्रवार को भयानक सड़क हादसा हो गया। सुरपुर तालुका के देवपुर के पास एक कार और निजी बस के बीच हुई जोरदार टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
पुलिस के अनुसार, कार यादगीर से रायचूर की ओर जा रही थी। इसी दौरान विपरीत दिशा से बेंगलुरु से कलबुर्गी जा रही एक निजी बस से इसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि देखते ही देखते दोनों वाहन आग के गोले में तब्दील हो गए। स्थानीय लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर कार में फंसे दो यात्रियों को बाहर निकाला, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से एक की स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और आपातकालीन सेवाओं की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया।
सुरपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर मौजूद है और मामले की छानबीन कर रही है। फिलहाल मृतकों की शिनाख्त नहीं हो पाई है और दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, टक्कर के बाद आग ने इतनी तेजी पकड़ी कि यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
Also Read: भारत-नेपाल सीमा पर बलरामपुर पुलिस और SSB की कार्रवाई, नशीली दवाओं के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार

