लोकसभा सचिवालय के निदेशक गौरव गौतम फ्लैट में मृत मिले, पुलिस को मिला सुसाइड नोट

Lok Sabha Secretariat Newsग्रेटर नोएडा की एडीए के सेक्टर-82 स्थित केंद्रीय विहार-2 सोसाइटी में लोकसभा सचिवालय के निदेशक गौरव गौतम का शव उनके फ्लैट में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, फ्लैट से एक कथित सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें कर्ज का जिक्र किया गया है। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

पत्नी मायके से लौटीं तो अंदर से बंद मिला फ्लैट

पुलिस के मुताबिक, 40 वर्षीय गौरव गौतम लोकसभा सचिवालय में निदेशक के पद पर कार्यरत थे। घटना के समय उनकी पत्नी अपने मायके गई हुई थीं। जब वह वापस लौटीं तो फ्लैट अंदर से बंद मिला। अनहोनी की आशंका होने पर उन्होंने सोसाइटी के सुरक्षा गार्ड की मदद से दरवाजा खुलवाया।

दरवाजा खुलने के बाद गौरव गौतम का शव छत के पंखे से लटका मिला। उन्हें तुरंत पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल से सूचना मिलने पर शुरू हुई जांच

घटना की जानकारी अस्पताल की ओर से भेजे गए मेमो के माध्यम से पुलिस को मिली। इसके बाद फेज-2 थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए और पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की जांच उसी आधार पर की जाएगी।

सुसाइड नोट में कर्ज का जिक्र, सभी पहलुओं से जांच जारी

पुलिस के अनुसार, फ्लैट से एक कथित सुसाइड नोट बरामद हुआ है। शुरुआती जानकारी में उसमें कर्ज का जिक्र होने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस नोट की सत्यता और उसमें लिखी गई बातों की विस्तार से जांच कर रही है।

जांच एजेंसी का कहना है कि मामले को केवल सुसाइड नोट के आधार पर नहीं देखा जा रहा है। फॉरेंसिक साक्ष्यों, घटनास्थल से मिले अन्य सबूतों और सभी तथ्यों की जांच के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.