Mathura News: हेरोइन के साथ अलीगढ़ के दो शातिर तस्कर गिरफ्तार, एक्टिवा स्कूटी और नगदी बरामद

Mathura News: उत्तर प्रदेश में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की आगरा ऑपरेशनल यूनिट को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एएनटीएफ की टीम ने मथुरा के हाईवे थाना क्षेत्र से अलीगढ़ निवासी दो सक्रिय ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1.172 किलोग्राम अवैध हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 2 करोड़ 40 लाख रुपये आंकी गई है।

उच्चाधिकारियों व पुलिस महानिरीक्षक (एएनटीएफ) लखनऊ के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तस्करों के पास से एक एक्टिवा स्कूटी, एक मोबाइल फोन और 250 रुपये नगद भी जब्त किए हैं। इस संबंध में मथुरा के थाना हाईवे पर एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विधिक कार्यवाही शुरू कर दी गई है।

पूछताछ में खोला सप्लाई नेटवर्क का राज

एएनटीएफ की आगरा यूनिट के उप-निरीक्षक गौरव शर्मा के नेतृत्व में टीम ने 4 अगस्त 2026 को सौंख रोड पर पाली खेड़ा चौराहा के आगे सलेमपुर पेट्रोल पंप के पास स्थित एक बंद पड़े मकान के सामने घेराबंदी कर दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए तस्करों की पहचान इमरान पुत्र सिराज (निवासी ऊपरकोट टीला, बोलीशाह मस्जिद के पास, थाना ऊपरकोट, जिला अलीगढ़) और शहबाज पुत्र परवेज (निवासी ऊपरकोट टीला, बोलीशाह मस्जिद के पास, थाना ऊपरकोट, जिला अलीगढ़) के रूप में हुई है।

कड़ाई से की गई पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे दोनों आपस में पार्टनर हैं और लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त हैं। पूर्व में वे एक अन्य साथी के साथ मिलकर काम करते थे, लेकिन उसके पकड़े जाने के बाद दोनों खुद का नेटवर्क चलाने लगे। वे कासगंज से हेरोइन की खेप लाकर मथुरा और आसपास के इलाकों में फुटकर (खुदरा) में बेचते थे। तस्करी से मिलने वाले मुनाफे को आपस में बांटकर वे अपने महंगे शौक पूरे करते थे।

Also Read: लोकसभा सचिवालय के निदेशक गौरव गौतम फ्लैट में मृत मिले, पुलिस को मिला सुसाइड नोट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.