Lucknow News: खाद-बीज-डीजल महंगे, खेती घाटे का सौदा, अखिलेश यादव का केंद्र सरकार पर हमला
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर किसानों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा है कि मौजूदा दौर में खेती का लागत मूल्य लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे किसान गंभीर संकट में हैं।
बढ़ती महंगाई, डीजल के दामों में वृद्धि और अब उर्वरकों की कीमतों में बढ़ोतरी ने किसानों की परेशानियों को और बढ़ा दिया है।
समाजवादी पार्टी कार्यालय, विक्रमादित्य मार्ग, लखनऊ से जारी बयान में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष ने कहा कि खाद, बीज और डीजल के बढ़ते दामों के कारण खेती करना लगातार मुश्किल होता जा रहा है।
किसानों को उनकी फसलों का लागत मूल्य तक नहीं मिल पा रहा, जिससे खेती घाटे का सौदा बनती जा रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि उर्वरकों की कीमतों में हुई बढ़ोतरी किसानों के सामने एक बड़ी चुनौती है।

नाइट्रोजन, फास्फोरस और पोटाश (एनपीके) उर्वरक फसलों के बेहतर उत्पादन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं, लेकिन इनके महंगे होने से किसानों का मौसमी बजट बिगड़ रहा है और उनकी जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन 12 वर्षों के शासन के बाद किसानों की आय बढ़ने के बजाय घटती नजर आ रही है।
गलत नीतियों के चलते किसान खेती से विमुख हो रहे हैं और सरकार की नीतियां उन्हें उनकी जमीन और कृषि कार्य से दूर करने का काम कर रही हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि महंगाई की मार से न केवल किसान बल्कि देश की आम जनता भी त्रस्त है। सरकार को किसानों और आम लोगों के जीवन-यापन की चिंता नहीं है और वह अपने उद्योगपति मित्रों के हित में फैसले ले रही है।

