Siddharthnagar News: महिला थाना की अनूठी पहल, काउंसलिंग से सुलझे 10 परिवारों के विवाद, एक साथ हुई विदाई
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद में पारिवारिक रिश्तों को टूटने से बचाने और बिखरते परिवारों में खुशियां लौटाने की दिशा में महिला थाना सिद्धार्थनगर की एक सराहनीय पहल सामने आई है।
महिला थाना स्थित मिशन शक्ति केंद्र में आयोजित काउंसलिंग के जरिए 10 दंपतियों के बीच लंबे समय से चले आ रहे पारिवारिक विवादों का सफल समाधान किया गया। काउंसलिंग के बाद सभी दंपतियों को एक साथ विदा किया गया।
यह पहल डॉ. अभिषेक महाजन के कुशल नेतृत्व, प्रशांत कुमार प्रसाद के निर्देशन तथा विश्वजीत सौरयान के पर्यवेक्षण में पूरी हुई।
महिला थाना प्रभारी निरीक्षक भाग्यवती पाण्डेय ने अपनी टीम के साथ सभी परिवारों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आपसी संवाद के माध्यम से मनमुटाव दूर कराया।
काउंसलिंग के उपरांत सभी दंपतियों ने साथ रहने और अपने वैवाहिक जीवन को नई शुरुआत देने की सहमति जताई। इस प्रयास से 10 परिवार टूटने से बच गए और उनके चेहरों पर फिर से मुस्कान लौट आई।
इस सफलता में महिला हेड कांस्टेबल आशा गौड़, रीना रावत, महिला आरक्षी प्रियंबदा सिंह, शिखा खरवार एवं शिवानी सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
महिला थाना की यह पहल न केवल परिवारों को जोड़ने का कार्य कर रही है, बल्कि समाज में संवाद, समझदारी और पारिवारिक मूल्यों को सशक्त करने का सकारात्मक संदेश भी दे रही है।
रिपोर्ट- ज़ाकिर खान
Also Read: Lucknow News: खाद-बीज-डीजल महंगे, खेती घाटे का सौदा, अखिलेश यादव का केंद्र सरकार पर हमला

