Lucknow: इंदिरानगर डकैती का आरोपी फिरोज गिरफ्तार, 23 मुकदमों का है हिस्ट्रीशीटर
Lucknow News: यूपी एसटीएफ (UP STF) लखनऊ ने थाना इंदिरानगर कमिश्नरेट लखनऊ में दर्ज मुकदमे का वांछित अपराधी फिरोज उर्फ इम्तियाज उर्फ बाबर उर्फ माथू (पुत्र जुम्मन) को बाराबंकी के पल्हरी चौराहा से गिरफ्तार किया है।
यूपी एसटीएफ को फरार और पुरस्कार घोषित आरोपियों की जानकारी मिली थी। इस पर अपर पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में मुख्यालय की टीम जानकारी जुटा रही थी। इसी दौरान पता चला कि थाना इंदिरानगर में दर्ज मुकदमे का वांछित फिरोज बाराबंकी के पल्हरी चौराहा के पास मौजूद है।
निरीक्षक तेज बहादुर सिंह के नेतृत्व में गठित टीम मुखबिर के साथ पल्हरी चौराहे पहुंची और घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम फिरोज बताया।
2015 के हत्याकांड में भी आरोपी
गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि उसके खिलाफ करीब दो दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। साल 2015 में फिरोज और उसके साथियों सुरेंद्र रावत, रमू, रज्जो व राजू ने मिलकर ब्लॉक प्रमुख के चुनाव के दौरान चुनावी रंजिश में रामबहादुर सिंह (निवासी रामनगर पुरवा) की हत्या कर दी थी। इस मामले में थाना इंदिरानगर में मुकदमा दर्ज हुआ था। आरोपी इस मामले में जेल गया था और कुछ महीने पहले ही जेल से छूटकर आया था।
आरोपी ने 24 जुलाई 2025 की रात को इंदिरानगर के अमराही गांव में अपने साथियों के साथ एक घर में घुसकर चोरी की। घर के सदस्यों के विरोध करने पर उन्हें घायल करके भाग गए थे। इस घटना में भी उसके और उसके साथियों के खिलाफ थाना इंदिरानगर में मुकदमा दर्ज हुआ था।
लगातार दबिश के कारण वह और उसके साथी गिरफ्तारी के डर से छिपकर रहने लगे थे। आरोपी 26 अगस्त को बाराबंकी में किसी से मिलने आया था। इसी दौरान एसटीएफ ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
अन्य सह-आरोपियों के बारे में पूछताछ में पता चला कि इसी मुकदमे और घटना में शामिल दरबारी उर्फ ननकून्ना (निवासी ग्राम मंगईपुर मंगौलियापुर, थाना रामपुर मथुरा, जनपद सीतापुर; वर्तमान में बेहटा कुर्सी रोड पर) भी अपराध में शामिल है। फिरोज के साथ जाकर उसे तलाशने का प्रयास किया गया, लेकिन वह नहीं मिला। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
पकड़े गए आरोपी के खिलाफ बाराबंकी, लखनऊ और हरदोई जिले के विभिन्न थानों में कुल 23 मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपी फिरोज उर्फ इम्तियाज उर्फ बाबर उर्फ माथू (पुत्र जुम्मन, निवासी रामस्वरूप का पुरवा, चौकी महादेवा, थाना रामनगर, जनपद बाराबंकी) को थाना इंदिरानगर में दाखिल किया गया है। आगे की कार्रवाई पुलिस द्वारा की जा रही है।
Also Read: गाजियाबाद में 150 किलो से ज्यादा गांजा बरामद, पांच तस्कर गिरफ्तार

