Lucknow News: होटल सेवी ग्राण्ड के सामने हुई लूट का खुलासा, 50 हजार का इनामी ‘सलमान’ गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ पुलिस ने विभूतिखण्ड इलाके में हुई लाखों की लूट के मामले में बड़ी कामयाबी हासिल की है। स्वाट, सर्विलांस और विभूतिखण्ड पुलिस की संयुक्त टीम ने ₹50,000 के इनामी बदमाश सलमान खान को मुठभेड़ के बाद धर दबोचा। शातिर लुटेरे के पास से लूट के ₹80,000 नकद बरामद किए गए हैं।

हनीमैन चौराहे के पास से हुई गिरफ्तारी

कमिश्नरेट लखनऊ की क्राइम ब्रांच और थाना विभूतिखण्ड की टीम को आज उस समय बड़ी सफलता मिली जब उन्होंने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर हनीमैन चौराहे से रेलवे लाइन की तरफ जाने वाले रास्ते पर इनामी बदमाश सलमान खान को गिरफ्तार कर लिया। सलमान खान चिनहट इलाके का निवासी है और लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था।

बता दें कि बीते 5 अप्रैल 2026 को गुजरात निवासी निकुल सिंह जडेजा के साथ होटल सेवी ग्राण्ड के सामने स्कार्पियो सवार बदमाशों ने धक्का-मुक्की कर रुपयों से भरा बैग लूट लिया था। पुलिस ने इस मामले में मु.अ.सं. 119/2026 के तहत मामला दर्ज किया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) ने फरार आरोपियों पर ₹50-50 हजार का इनाम घोषित किया था।

अब तक 47.90 लाख की रिकवरी

पुलिस ने इस हाई-प्रोफाइल लूटकांड का खुलासा करते हुए पहले ही 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर ₹45 लाख बरामद किए थे। इसके बाद 25 अप्रैल को एक और इनामी पकड़ा गया जिससे ₹2.10 लाख मिले। आज सलमान की गिरफ्तारी के साथ बरामद की गई कुल रकम ₹47 लाख 90 हजार तक पहुंच गई है।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि यह गिरोह कम्पनी के पैसे कलेक्ट करने वालों की रेकी करता था। जैसे ही कलेक्शन मैन भारी नकदी लेकर निकलता, ये बिना नंबर प्लेट वाली स्कार्पियो से उसे धक्का देकर बैग छीन लेते थे। लूटे गए पैसों का इस्तेमाल ये बदमाश अपने महंगे शौक और निजी खर्चों को पूरा करने के लिए करते थे।

अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी: किरण यादव (IPS)

अपर पुलिस उपायुक्त (अपराध) किरण यादव ने बताया कि लखनऊ पुलिस संगठित अपराध के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। पकड़े गए सलमान खान पर हजरतगंज और विभूतिखण्ड में पहले से भी मुकदमे दर्ज हैं। फरार चल रहे अन्य साथियों और शेष धनराशि की बरामदगी के लिए टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

Also Read: लखनऊ में मॉर्निंग वॉक करने वाली महिलाएं सावधान! लूट करने वाले ‘किन्नर गिरोह’ का पर्दाफाश, 3 गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.