Lucknow News: विभूतिखण्ड में हुई 75 लाख की लूट का खुलासा, ड्राइवर ही निकला मास्टरमाइंड, 5 गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके विभूतिखण्ड में 5 अप्रैल को हुई 75 लाख रुपये की बड़ी लूट का लखनऊ पुलिस ने सफल अनावरण कर दिया है। क्राइम टीम, सर्विलांस (पूर्वी जोन) और थाना विभूतिखण्ड की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल 5 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से लूटी गई रकम में से 45 लाख रुपये नगद और वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की काली स्कॉर्पियो बरामद की है।

ड्राइवर के ‘लालच’ ने रची लूट की पटकथा

पुलिस की पूछताछ में जो खुलासा हुआ, वह चौंकाने वाला है। इस पूरी लूट का मास्टरमाइंड होटल का ड्राइवर राहुल यादव निकला। राहुल पिछले कई वर्षों से होटल और बिजनेस का पैसा कलेक्ट करने का काम करता था। भारी भरकम रकम देखकर उसके मन में लालच आ गया। राहुल ने यह बात अपने चचेरे भाई आकाश यादव को बताई। आकाश ने अपने दोस्त सलमान (प्रॉपर्टी ब्रोकर) से संपर्क किया। सलमान ने अपने साथी राजकुमार, सुमित और विशाल के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई।

दरअसल बीते 5 अप्रैल को जैसे ही गुजरात निवासी वादी निकुल सिंह जडेजा होटल सेवी ग्राण्ड के पास पैसे लेकर निकले, स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने उन्हें धक्का दिया और रुपयों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।

सीसीटीवी और मुखबिर से खुला राज

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर कई टीमें गठित की गई थीं। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों के जरिए रूट मैप तैयार किया। शुक्रवार (10 अप्रैल) को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने लखनऊ पब्लिक कॉलेज, कठौता झील के पास से घेराबंदी कर 5 अभियुक्तों को दबोच लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण

अतुल कुमार रावत (सुशांत गोल्फ सिटी, लखनऊ) – आपराधिक इतिहास मौजूद।

विशाल सिंह (कैंट, लखनऊ) – पहले भी लूट और मारपीट के मामलों में जेल जा चुका है।

राहुल यादव (मास्टरमाइंड, इंदिरानगर, लखनऊ)।

आकाश यादव (इंदिरानगर, लखनऊ)।

अमित कुमार गुप्ता (विभूतिखण्ड, लखनऊ)।

Lucknow News: विभूतिखण्ड में हुई 75 लाख की लूट का खुलासा, ड्राइवर ही निकला मास्टरमाइंड, 5 गिरफ्तार

पुलिस की बरामदगी

45 लाख रुपये नगद (500-500 की नोटों की गड्डियां)।

स्कॉर्पियो एन (बिना नंबर प्लेट, काले रंग की)।

पुलिस ने अभियुक्तों के खिलाफ बीएनएस (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। गिरोह के अन्य वांछित सदस्यों की तलाश में छापेमारी जारी है।

Also Read: अब्बास अंसारी की बरकरार रहेगी विधानसभा सदस्यता, हेट स्पीच मामले में यूपी सरकार की याचिका खारिज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.