अब्बास अंसारी पर भड़के भाजयुमो नेता शक्ति सिंह, बोले– विरासत में मिली जेल वाले बताएंगे विकास कैसे होगा

Mau News: भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य शक्ति सिंह ने अपने गृह जनपद मऊ में अब्बास अंसारी के बयान पर जोरदार पलटवार किया है। पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने अंसारी परिवार की राजनीतिक शैली पर गंभीर सवाल खड़े किए। शक्ति सिंह ने कहा कि जिन्हें विरासत में जेल की सलाखें नसीब हुई हैं, उन्हें विकास के बड़े-बड़े दावे करने से पहले अपने अतीत और कामकाज का हिसाब देना चाहिए। उन्होंने भरोसा जताया कि मऊ की जनता अब रिश्तों की सियासत को भली-भांति समझ चुकी है और आने वाले चुनावों में इसका करारा जवाब देगी।

शक्ति सिंह ने अब्बास अंसारी द्वारा अखिलेश यादव को ‘भैया’ और ओमप्रकाश राजभर को ‘चाचा’ कहने पर तंज कसते हुए कहा कि जब नेताओं के पैरों तले राजनीतिक जमीन खिसकने लगती है, तब उन्हें एकाएक रिश्तेदारों की जरूरत महसूस होने लगती है। उन्होंने कहा कि चुनाव करीब आते-आते कई नए रिश्तेदार सामने आ जाएंगे, लेकिन नेताओं को रिश्तों का ढोंग करने के बजाय विकास और जनहित के मुद्दों पर जवाब देना चाहिए।

35 वर्षों के विकास का हिसाब मांगेगी मऊ की जनता

शक्ति सिंह ने अंसारी परिवार पर मऊ के विकास को दशकों पीछे धकेलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मऊ की जनता को पिछले 35 सालों के दौरान हुए कार्यों का हिसाब मांगने का पूरा हक है। अंसारी परिवार की राजनीति ने क्षेत्र को अंधेरे में रखा, लेकिन अब लोग जागरूक हो चुके हैं। अपने पारिवारिक इतिहास का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि उनके बाबा कामता सिंह कई बार निर्दलीय विधायक रहे और उनके परिवार की परंपरा हमेशा जनता के बीच रहकर समाज की सेवा करने की रही है। उन्होंने अंसारी परिवार से किसी भी तरह के वैचारिक या सामाजिक संबंध से पूरी तरह इनकार किया।

कारोबार और छापेमारी के सवालों पर दिया जवाब

मायावती सरकार के दौरान वर्ष 2010 में परिवार से जुड़े ठिकानों पर हुई कथित छापेमारी और मुख्तार अंसारी से कारोबारी रिश्तों के सवालों पर शक्ति सिंह ने कहा कि आज एआई (AI) का जमाना है और वे फर्जी या एआई-जनरेटेड खबरों पर टिप्पणी नहीं करना चाहते। उन्होंने दावा किया कि उनके परिवार का व्यापार दशकों पुराना है, जो मध्य प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड तक फैला हुआ है। आजमगढ़ में फूड कॉरपोरेशन से जुड़े प्रदेश के सबसे बड़े वेयरहाउस का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इससे हजारों लोगों को रोजगार मिला है और यह काम अंसारी परिवार की तमाम कोशिशों के बावजूद उनके परिवार को मिला था।

Also Read: बांग्लादेश के इस युवा क्रिकेटर का निधन, 18 साल की उम्र में ल्यूकेमिया से हारी जंग

Get real time updates directly on you device, subscribe now.