शामली में कबड्डी खिलाड़ी की हत्या से सनसनी, प्रेम प्रसंग बना वजह, जांच में हुए कई बड़े खुलासा

Shamli News: शामली में राष्ट्रीय स्तर के कबड्डी खिलाड़ी मोनू (Monu) उर्फ गुल्लू की हत्या (Kabaddi Player Murder) के मामले में जांच के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, प्रेम प्रसंग के चलते रची गई इस साजिश में मोनू ने आखिरी सांस तक हमलावरों का मुकाबला किया।

शुरुआती जांच में सामने आया है कि पहली गोली लगने से पहले और उसके बाद भी वह करीब सात मिनट तक तीन आरोपियों से भिड़ता रहा। बचने के लिए खेतों, रजबहे की पटरी और पास के नलकूप तक भागा, लेकिन आखिरकार आरोपियों ने दो गोलियां मारकर उसकी हत्या कर दी।

बागपत के ककड़ीपुर गांव निवासी 22 वर्षीय मोनू उर्फ गुल्लू राष्ट्रीय स्तर का कबड्डी खिलाड़ी था। उसका सपना भारत के लिए खेलना था, लेकिन यह सपना उसके साथ ही हमेशा के लिए खत्म हो गया।

पुलिस जांच के अनुसार, वारदात के दौरान पहली गोली आरोपी अर्जुन ने चलाई, लेकिन निशाना चूक गया। इसके बाद मोनू ने कार्तिक और सत्यम से भिड़ते हुए दोनों की पिटाई भी की। करीब सात मिनट तक दोनों पक्षों में संघर्ष चलता रहा। इस दौरान वह खुद को बचाने के लिए कई दिशाओं में भागा, लेकिन गिरने के बाद आरोपियों ने उस पर दो गोलियां दाग दीं। पुलिस का कहना है कि आरोपी कार्तिक के शरीर पर भी संघर्ष के निशान मिले हैं।

एक दिन पहले भी रची गई थी हत्या की साजिश

एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपियों ने एक दिन पहले यानी गुरुवार को भी मोनू (Kabaddi Player Monu) की हत्या की योजना बनाई थी, लेकिन उस दिन वह मजदूरों को लेने नहीं पहुंचा, जिससे उनकी योजना विफल हो गई। इसके बाद शुक्रवार तड़के करीब चार बजे आरोपी दोबारा नाला गांव के जंगल पहुंचे और वारदात को अंजाम दिया।

खेत में मिला शव, फोरेंसिक टीम को मिले अहम सबूत

शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने गन्ने के खेत में मोनू का शव पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके से एक कारतूस और एक खोखा बरामद किया गया है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। ग्रामीणों के अनुसार, शव पर गोलियों के निशान के अलावा हाथ पर धारदार हथियार से वार के निशान भी मिले।

पुलिस के मुताबिक, मोनू का गांव की एक युवती से प्रेम संबंध था। इसी को लेकर युवती के परिजनों ने हत्या की साजिश रची। इस मामले में युवती के पिता और चचेरे भाई को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

देश के लिए खेलना चाहता था Monu

मोनू ने आठवीं कक्षा से कबड्डी (Kabaddi) खेलना शुरू किया था। वह बड़ौत अकादमी की ओर से खेलते हुए कई प्रतियोगिताओं में अपनी टीम को जीत दिला चुका था। उसने जिला और प्रदेश स्तर पर भी कई टूर्नामेंट खेले थे और मेरठ, शामली, मुजफ्फरनगर, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में अपनी पहचान बनाई थी।

स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद वह पिता के साथ खेती भी संभाल रहा था। परिवार के मुताबिक, वह अक्सर कहता था कि एक दिन देश के लिए खेलेगा और अपनी मेहनत से परिवार की सात बीघा जमीन को दोगुना कर देगा। लेकिन उसका यह सपना अधूरा रह गया।

पिछले करीब एक साल से मोनू (Kabaddi Player Monu) खेती से जुड़े काम के साथ खेतों में कीटनाशक छिड़काव का ठेका भी लेता था। वह रोजाना आसपास के गांवों से मजदूरों को बाइक से खेतों तक लाता और काम खत्म होने के बाद उन्हें वापस छोड़ता था। इसी दौरान उसकी गतिविधियों पर नजर रखकर आरोपियों ने वारदात की पूरी योजना बनाई।

Also Read: इंस्टाग्राम पर प्यार का झांसा, फर्जी पुलिस दफ्तर में रेड का डर, मेरठ में Honey Trap Gang का भंडाफोड़

Get real time updates directly on you device, subscribe now.