सावन के पहले सोमवार पर बाबा विश्वनाथ के दर्शन को उमड़ा सैलाब, 5 किमी लंबी कतार
Sawan 2026: सावन के पहले सोमवार पर काशी शिवमय हो गई। बाबा विश्वनाथ (Baba Vishwanath) के दर्शन और जलाभिषेक के लिए सोमवार तड़के से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।
काशी विश्वनाथ मंदिर (Kashi Vishwanath Mandir) के बाहर करीब 5 किलोमीटर लंबी कतार देखने को मिली, जबकि पूरे शहर में ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष गूंजते रहे। मंदिर प्रशासन के अनुसार सुबह 7 बजे तक ही सवा दो लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर चुके थे।
मंगला आरती के बाद मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इसके बाद से लगातार जलाभिषेक और दर्शन का सिलसिला जारी है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहले गंगा स्नान कर गंगाजल लेकर बाबा के दरबार पहुंचे। भक्तों का कहना है कि भारी भीड़ के बावजूद करीब दो से ढाई घंटे में दर्शन हो रहे हैं।
मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए विशेष व्यवस्था की है। मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्रा स्वयं कांवड़ियों और श्रद्धालुओं पर गुलाब की पंखुड़ियां बरसाकर उनका स्वागत कर रहे हैं।
8 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान
मंदिर प्रशासन का अनुमान है कि सावन (Sawan 2026) के पहले सोमवार पर करीब 8 लाख श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए पहुंच सकते हैं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए इस बार श्रद्धालुओं के प्रवेश हेतु 7 अलग-अलग द्वार बनाए गए हैं। साथ ही मंदिर जाने वाले मार्गों को नो-व्हीकल जोन घोषित किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु बनी रहे।
सावन के प्रत्येक सोमवार को बाबा विश्वनाथ अलग-अलग स्वरूप में भक्तों को दर्शन देते हैं। इस बार पहले सोमवार पर बाबा का शंकर स्वरूप में विशेष श्रृंगार किया गया है, जिसके दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में खास उत्साह देखा जा रहा है।
घर बैठे भी हो रहे बाबा के दर्शन
देश-विदेश में रहने वाले श्रद्धालुओं के लिए मंदिर प्रशासन ने लाइव दर्शन की व्यवस्था भी की है। श्रद्धालु मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट, फेसबुक पेज और अन्य अधिकृत माध्यमों के जरिए घर बैठे बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर रहे हैं।
Sawan 2026 के पहले सोमवार को देखते हुए काशी विश्वनाथ मंदिर और आसपास के पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त की गई है। संयुक्त पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा के अनुसार देर रात से ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार क्षेत्र का निरीक्षण कर रहे हैं। भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
Also Read: UP के लिए ऐतिहासिक पल, 28 साल बाद UNESCO वर्ल्ड हेरिटेज लिस्ट में शामिल हुआ Sarnath

