अमेरिकी नागरिक मैथ्यू वैन डाइक पर NIA ने हटाए आतंकी आरोप, सर्जियो गोर ने उठाया था मुद्दा
Matthew Aaron Van Dyke: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने अमेरिकी नागरिक मैथ्यू एरन वैन डाइक के खिलाफ लगाए गए आतंकी आरोप हटा दिए हैं। वैन डाइक को छह यूक्रेनियन नागरिकों के साथ हिरासत में लिया गया था। इन सभी पर म्यांमार में गैर-कानूनी तरीके से प्रवेश करने और हथियारों के इस्तेमाल के साथ ड्रोन युद्ध की ट्रेनिंग देने का आरोप लगाया गया था।
यह फैसला ऐसे समय आया है, जब भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने विदेश सचिव विक्रम मिसरी और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ बैठक में यह मुद्दा उठाया था। उस समय रुबियो दिल्ली दौरे पर थे।
परिवार ने सेहत और जेल की स्थिति पर जताई थी चिंता
वैन डाइक के परिवार ने उनकी सेहत और जेल में मिल रही सुविधाओं को लेकर चिंता जताई थी। परिवार ने तत्काल राजनयिक हस्तक्षेप की मांग की थी। परिवार के मुताबिक, वैन डाइक को 6 अप्रैल को NIA मुख्यालय से दिल्ली की तिहाड़ जेल भेजा गया था।
परिवार का दावा था कि उस समय उनके पैर में चोट थी, नजर कमजोर हो रही थी और उन्हें जरूरी दवाएं भी नहीं मिल पा रही थीं।
भूख हड़ताल का भी किया गया दावा
वैन डाइक के NGO सन्स ऑफ लिबर्टी इंटरनेशनल ने दावा किया था कि उन्होंने 6 मई को भूख हड़ताल शुरू की थी। संगठन के मुताबिक, उन्होंने 18 जून को इसे खत्म करने की कोशिश की। उनका विरोध जेल में मिलने वाले खाने को लेकर था। वह अपनी डाइट के अनुसार भोजन दिए जाने की मांग कर रहे थे। NIA की ओर से आतंकी आरोप हटाए जाने के बाद मामले में आगे की कानूनी स्थिति महत्वपूर्ण होगी।

