BJP मुख्यालय में PM मोदी का संबोधन, बोले- यह देश के उज्ज्वल भविष्य की उद्घोषणा है
Sandesh Wahak Digital Desk: पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणामों में भारतीय जनता पार्टी और एनडीए की शानदार सफलता के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचे। बंगाली कुर्ता-पाजामा पहने प्रधानमंत्री का अंदाज आज कुछ खास था, जो सीधे तौर पर बंगाल में मिली ऐतिहासिक सफलता की ओर संकेत कर रहा था। मुख्यालय में मौजूद हजारों कार्यकर्ताओं के बीच पीएम मोदी ने इस जीत को ‘साधना की सिद्धि’ करार दिया।
अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, “आज का दिन बेहद अहम है। जब वर्षों की साधना सिद्धि में बदलती है, तो चेहरे पर जो संतोष होता है, वह आज मैं देशभर के भाजपा कार्यकर्ताओं के चेहरों पर देख रहा हूं। एक कार्यकर्ता के नाते मैं आप सभी की इस खुशी में शामिल हूं।” उन्होंने इस दिन को ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना पर भरोसे का दिन बताया।
नितिन नवीन के नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के पुरुषार्थ की सराहना
पीएम मोदी ने पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, “अध्यक्ष पद संभालने के बाद यह नितिन नवीन जी के नेतृत्व में पहला विधानसभा चुनाव था। उनके मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम ने नया इतिहास रच दिया है। हर छोटे-बड़े कार्यकर्ता ने कमाल कर दिया है और कमल खिला दिया है।”
प्रधानमंत्री ने केवल मुख्य राज्यों ही नहीं, बल्कि विभिन्न उपचुनावों के परिणामों पर भी संतोष व्यक्त किया। उन्होंने महाराष्ट्र, गुजरात, नगालैंड और त्रिपुरा के उपचुनावों में जीत का जिक्र करते हुए कहा कि एनडीए नेता सुनेत्रा पवार की बड़ी जीत सहित अन्य सभी उम्मीदवारों को जनता का भरपूर आशीर्वाद मिला है।
“मदर ऑफ डेमोक्रेसी” की जीत
बंगाल में लगभग 93 फीसदी मतदान का उल्लेख करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “आज सिर्फ भाजपा नहीं जीती है, बल्कि भारत का संविधान और हमारी लोकतांत्रिक संस्थाएं जीती हैं। जय-पराजय राजनीति का हिस्सा है, लेकिन इन नतीजों ने दुनिया को दिखा दिया है कि भारत को ‘मदर ऑफ डेमोक्रेसी’ क्यों कहा जाता है। लोकतंत्र हमारी रगों में दौड़ता संस्कार है।”
राज्यों की जनता का किया वंदन
प्रधानमंत्री ने बंगाल, असम, पुडुचेरी, तमिलनाडु और केरल की जनता को आदरपूर्वक नमन किया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि भाजपा जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए जी-जान से काम करेगी और सुशासन के एजेंडे को और आगे बढ़ाएगी।

