Lucknow News: चिनहट डकैती कांड में बदला मुकदमा, फरार दारोगा और CRPF जवान पर इनाम की तैयारी

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चिनहट इलाके में कारोबारियों से निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी और लूटपाट करने वाले गिरोह पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में संलिप्तता पाए जाने पर पूर्व कमता चौकी प्रभारी मोहित और सीआरपीएफ दारोगा जय प्रकाश समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे को शुक्रवार रात डकैती की गंभीर धाराओं में बदल (तरमीम) दिया गया है। चिनहट पुलिस अब घटना के बाद से लगातार फरार चल रहे दोनों मुख्य आरोपियों पर इनाम घोषित करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू करने जा रही है।

थाना प्रभारी चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा के अनुसार, आरोपी पूर्व चौकी प्रभारी मोहित साल 2019 बैच का दारोगा है और मूल रूप से मुजफ्फरनगर का निवासी है। पुलिस की जांच में यह साफ हो गया है कि इस वारदात में 5 से अधिक लोग सीधे तौर पर शामिल थे, जिसके कारण कानूनी प्रावधानों के तहत इसे डकैती की श्रेणी में लाया गया है। फिलहाल दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन बंद होने के कारण पुलिस उनकी लोकेशन ट्रेस नहीं कर पा रही है, लेकिन उनके करीबियों और परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी जारी है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि पूरा गिरोह कमता चौकी इंचार्ज मोहित की पूरी जानकारी और सह पर ही लूटपाट की वारदातों को अंजाम देता था। मोहित को सिपाही पूरन सिंह, सीआरपीएफ दारोगा जयप्रकाश और पीएसी के बर्खास्त जवान के इस पूरे सिंडिकेट की भनक थी।

यह शातिर गिरोह पहले बड़े व्यवसायियों को मुनाफे वाले निवेश का लालच देकर लखनऊ बुलाता था। जब कारोबारी रकम लेकर पहुंचते, तो उन्हें फर्जी नंबर प्लेट लगी बोलेरो गाड़ी में बैठाया जाता था। इसके बाद रास्ते में ही उन्हें बंधक बनाकर डराया-धमकाया जाता और सारी रकम लूटकर फरार हो जाते थे। पुलिस ने पुख्ता डिजिटल और जमीनी साक्ष्यों के आधार पर इस गिरोह के कई सदस्यों को पहले ही सलाखों के पीछे भेज दिया है। इनमें जावेद हुसैन (निवासी: कोदरी कररिया, सहजनवा, गोरखपुर), आसिफ (जावेद का साथी), प्रवेश त्रिपाठी (निवासी: बेल्डुहा झकही, संतकबीरनगर) व पूरन सिंह (सिपाही, निवासी: मंडावा मैनपुर, अलवर, राजस्थान) शामिल हैं।

Also Read: टीएमसी नेता जहांगीर की पत्नी रेजिना बीबी भारत-नेपाल सीमा से गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.