SBI Mutual Fund के IPO को SEBI की मंजूरी, अगले महीने आ सकता है 13000 करोड़ रुपये का इश्यू
SBI Mutual Fund IPO News : देश की सबसे बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनी SBI म्यूचुअल फंड को अपना आईपीओ (IPO) लाने के लिए बाजार नियामक सेबी से मंजूरी मिल गई है। मामले से जुड़े सूत्रों के अनुसार, कंपनी का आईपीओ अगले महीने बाजार में आ सकता है।
मार्च में दाखिल ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) के मुताबिक, यह आईपीओ पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल (OFS) पर आधारित होगा। इसके तहत 20.37 करोड़ इक्विटी शेयरों की बिक्री की जाएगी। इस इश्यू में कोई नया शेयर जारी नहीं किया जाएगा।
आईपीओ के जरिए SBI म्यूचुअल फंड की प्रमोटर कंपनी स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) और एमुंडी इंडिया होल्डिंग अपनी हिस्सेदारी का एक हिस्सा बेचेंगी।
लिस्टिंग के बाद इन कंपनियों की सूची में होगी शामिल
सूत्रों के मुताबिक, कंपनी को करीब 13,000 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए मंजूरी मिली है। लिस्टिंग के बाद SBI फंड्स मैनेजमेंट लिमिटेड देश की अन्य सूचीबद्ध एसेट मैनेजमेंट कंपनियों की श्रेणी में शामिल हो जाएगी।
इनमें ICICI प्रूडेंशियल एसेट मैनेजमेंट कंपनी, HDFC एसेट मैनेजमेंट कंपनी, UTI एसेट मैनेजमेंट कंपनी, आदित्य बिड़ला सन लाइफ एसेट मैनेजमेंट कंपनी, श्रीराम एएमसी और निप्पॉन लाइफ इंडिया एसेट मैनेजमेंट कंपनी शामिल हैं।
12.70 लाख करोड़ रुपये का AUM संभाल रही कंपनी
SBI म्यूचुअल फंड की स्थापना वर्ष 1987 में हुई थी और 1993 में यह सेबी के साथ पंजीकृत हुई। वर्ष 2011 में कंपनी ने पेरिस स्थित एमुंडी के साथ मिलकर एक संयुक्त उद्यम (जॉइंट वेंचर) बनाया था।
वर्तमान में SBI म्यूचुअल फंड करीब 92 स्कीम्स का संचालन कर रही है। इनमें 52 इक्विटी फंड, 23 डेट फंड, 13 हाइब्रिड फंड और 4 अन्य फंड स्कीम्स शामिल हैं।
कंपनी इस समय निवेशकों की लगभग 12.70 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति का प्रबंधन कर रही है। यह देश की किसी भी अन्य म्यूचुअल फंड कंपनी के मुकाबले सबसे अधिक एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) है।
SBI फंड्स मैनेजमेंट लिमिटेड, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और पेरिस की एमुंडी का संयुक्त उद्यम है। इसमें SBI की 61.98 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जबकि एमुंडी की हिस्सेदारी 36.40 प्रतिशत है। कंपनी का बड़ा AUM और निवेशकों का भरोसा इसे देश के म्यूचुअल फंड उद्योग की सबसे प्रमुख कंपनियों में शामिल करता है।

