Siddharthnagar News: विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पति और ससुर पर हत्या का आरोप
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद स्थित भवानीगंज कस्बे में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका की पहचान शहजादी के रूप में हुई है। घटना के बाद मृतका के पिता ने पति और ससुर पर हत्या का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

“3 साल पहले हुआ था निकाह, फिर शुरू हुआ प्रताड़ना का दौर”
मृतका के पिता नूर मोहम्मद ने पुलिस को बताया कि शहजादी का निकाह करीब तीन वर्ष पूर्व भवानीगंज निवासी अरशद अली के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति अरशद और ससुर मोहम्मद इदरीश उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे थे। मारपीट से तंग आकर शहजादी अक्सर अपने मायके में ही रहने को मजबूर रहती थी।

आधी रात को मिली मौत की खबर
परिजनों के अनुसार, शनिवार की देर रात करीब 2 बजे ससुराल पक्ष से सूचना मिली कि शहजादी की तबीयत अचानक खराब हो गई है। जब तक मायके वाले मौके पर पहुंचे, शहजादी की मौत हो चुकी थी। मृतका की मां ने बिलखते हुए आरोप लगाया कि उनकी बेटी की साजिश के तहत हत्या की गई है।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
घटना की सूचना मिलते ही भवानीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू की। भवानीगंज थाना प्रभारी बृजेश सिंह ने बताया, “परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।” फिलहाल, इस घटना के बाद से भवानीगंज कस्बे में सन्नाटा पसरा है और पुलिस हर पहलू से मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी है।
रिपोर्ट: जाकिर खान
Also Read: लखनऊ में 100 ‘टेस्ट ट्यूब बेबी’ ने अपनी डॉक्टर मॉम को कहा शुक्रिया, भावुक हुए सैकड़ों परिवार

