Siddharthnagar News: कांग्रेस ने फूंका चुनावी बिगुल, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का लिया संकल्प

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद में जिला कांग्रेस कार्यालय पर जिला कांग्रेस कमेटी और किसान कांग्रेस की संयुक्त मासिक बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष काज़ी सुहेल अहमद ने की। इसमें संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति को लेकर विस्तृत मंथन किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष काज़ी सुहेल अहमद ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस हमेशा जनता की आवाज़ बनकर उनके मुद्दों को मजबूती से उठाती रही है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचकर जनसमस्याओं को सुनें और कांग्रेस की नीतियों व विचारधारा को आमजन तक पहुंचाएं।

उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही चुनावी सफलता की बुनियाद होता है और इसके लिए हर कार्यकर्ता को पूरी निष्ठा के साथ जुटना होगा।

किसान कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष अमित सिंह ने कहा कि प्रदेश का किसान महंगाई, बढ़ती खेती लागत और कृषि से जुड़ी अन्य समस्याओं से जूझ रहा है।

कांग्रेस किसानों के हितों और अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ती रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से किसानों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझने और कांग्रेस की किसान हितैषी नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

बैठक में प्रदेश सचिव डॉ. नादिर सलाम, कृष्ण बहादुर सिंह, अनिल सिंह अन्नू, सादिक अहमद, सतीश चंद्र त्रिपाठी, किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंकित शर्मा, दलित कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार, मोबीन खान, हृषीकेश मिश्रा, होरी लाल श्रीवास्तव, सुदामा प्रसाद, संतोष चौधरी, जुबैर खान, अकरम अली, हरि शंकर त्रिपाठी, शौकत अली सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन के लिए पूरी ताकत से जुटने का संकल्प लिया।

रिपोर्ट- ज़ाकिर खान

Also Read: Bareilly News: नौमहला मलिन बस्ती में चला विशेष स्वच्छता अभियान, जनप्रतिनिधियों ने झाड़ू लगाकर दिया स्वच्छता का संदेश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.